2018-05-28 16:46:00

संत पापा फ्राँसिस ने अफ्रीका में शांति हेतु प्रार्थना की अपील की


वाटिकन सिटी, सोमवार 28 मई 2018 (वीआर,रेई) : संत पापा फ्राँसिस ने सोमालिया में 'विश्वास के कारण नफरत' का शिकार बनी मिशनरी बहन की शहादत को याद किया और अफ्रीका में शांति के लिए प्रार्थनाओं की मांग की।

संत पापा फ्राँसिस ने रविवार को संत पेत्रुस महागिरजाघर के प्राँगण में हजारों की संख्या में उपस्थित तीर्थयात्रियों और विश्वासियों के साथ देवदूत प्रार्थना का पाठ किया। इसके बाद संत पापा ने विश्वासियों से अफ्रीकी महाद्वीप में शांति के लिए प्रार्थना में शामिल होने की अपील की।

शनिवार को उत्तर इटली के पाइएन्ज़ा शहर में धर्मबहन लियोनेला सोरगबाती के धन्य घोषणा की याद कराते हुए कहा कि धन्य धर्मबहन लियोनेला सोरगबाती एक कोन्सोलाता मिशनरी थीं, जिसे 2006 में सोमालिया के मोगादिशु में विश्वास के कारण मार डाला गया था।

उन्होंने कहा," सुसमाचार और गरीबों की सेवा में समर्पित उनका जीवन और उनकी शहादत अफ्रीका और पूरी दुनिया के लिए आशा का प्रतीक है। आइए हम अफ्रीका में शांति के लिए एक साथ प्रार्थना करें।" और संत पापा ने सभी विश्वासियों के साथ मिलकर प्रणाम मरिया का पाठ किया।

धन्य लियोनेला सोरगबाती

धन्य लियोनेला सोरगबाती का जन्म 1 940 में पियाएन्ज़ा के पास एक छोटे से शहर में हुआ था। उन्होंने 1 963 में कोन्सोलता मिशनरी धर्मसमाज में प्रवेश किया और 1970 में धर्मबहन का व्रत धारण किया। उनकी हत्या 17 सितंबर, 2006 को मोगादिशु में हुई और शनिवार, 26 मई को संत प्रकरण हेतु गठित धर्मसंघ के अध्यक्ष कार्डिनल आंजेलो अमातो ने पियाएन्ज़ा के महागिरजाघर में पवित्र युखारीस्तीय समारोह के दौरान उन्हें धन्य घोषित किया।

धन्य लियोनेला के संत प्रकरण हेतु कार्यरत पोस्टुलेटर धर्मबहन रेनाटा कोंटी ने एसआईआर सूचना सेवा को बताया, "केन्या में अपने तीस वर्षों के दौरान, लियोनेला ने युवाओं को भविष्य देने के लिए कई स्कूलों की स्थापना की। उसने सोमालिया में भी ऐसा करने की कोशिश की पर वहाँ का  बहुत ही जटिल परिस्थितियाँ थी। वे हर किसी की जरूरतों के प्रति संवेदनशील थी, उसके भारी शरीर के कारण हम कहते थे कि उसके पास 'अतिरिक्त' दिल था। उनके छात्र उनके प्यार और सेवा से बहुत मोहित थे। प्यार से वे उन्हें माँ कहा करते थे। मोगादिशु में उनकी सेवा के कारण, उनपर धर्मांतरण कराने के गलत आरोप की वजह से उनका जीवन जोखिम में था। आखिरकार उनकी हत्या कर दी गई।"








All the contents on this site are copyrighted ©.