2018-03-31 12:48:00

येरूसालेम की कलीसिया द्वारा पास्का पर्व की शुभकामनाएँ


येरूसालेम, शनिवार, 31 मार्च 2018 (रेई)˸ येरूसालेम की कलीसिया के प्राधिधर्माध्यक्षों एवं धर्मगुरूओं ने पास्का पर्व के उपलक्ष्य में सभी ख्रीस्तीयों के लिए एक संदेश प्रकाशित कर शुभकामनाएं अर्पित की हैं।

संदेश इस प्रकार है, "धन्य है ईश्वर, हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त का पिता। मृतकों में से ईसा मसीह के पुनरूत्थान द्वारा उसने अपनी महत्ती दया से हमें जीवन्त आशा से परिपूर्ण जीवन प्रदान किया।" (1 पेत्रुस 1.3)

हम येरूसालेम कलीसिया के प्राधिधर्माध्यक्ष एवं धर्माधिकारी संयुक्त रूप से, हर जगह के लोगों को पास्का की शुभकामनाएँ एवं हमारे मुक्तिदाता और प्रभु के पुनरूत्थान की आनन्दमय घोषणा करते हैं। येरूसालेम से, जहाँ येसु ख्रीस्त मृतकों में से जी उठे थे, हम पुनरूत्थान का पर्व मनाने वाले सभी विश्वासियों को अपना आशीर्वाद प्रदान करते हैं।

करीब दो हज़ार से अधिक वर्षों तक तीर्थयात्रियों ने येसु के पदचिन्हों का अनुसरण किया है तथा येरूसालेम में उनके खाली कब्रों को देखने के लिए प्रेरित हुए हैं। येसु का पुनरूत्थान एक ऐतिहासिक घटना थी जिसने समस्त विश्व को घेर लिया तथा सारी सृष्टि को नवीन बना दिया। यही एक अवसर है जब ख्रीस्तीय परिवार विश्व स्तर पर प्रभु येसु के जीवन मृत्यु एवं पुनरूत्थान द्वारा ईश्वर के मुक्ति कार्य की याद करते हैं। येरूसालेम आशा का शहर है तथा पुनरूत्थान, ईश्वर की मुक्ति का पवित्र प्रतीक है। यह स्वर्गीय येरूसालेम का प्रतिबिम्ब है जो आनेवाला है। वास्तव में, येरूसालेम की यह पवित्र, सामुदायिक एवं आध्यात्मिक विशिष्ठता, इस प्रदेश एवं विश्व के लोगों के लिए आशा, शांति एवं जीवन का प्रकाश स्तम्भ बना हुआ है। हम प्रार्थना करते हैं कि हम इस पवित्र भूमि में गरीबों की सेवा, न्याय की खोज एवं जी उठे ख्रीस्त के प्रेम तथा प्रकाश में चलने के द्वारा जीवित सुसमाचार का साक्ष्य देने के हमारे पवित्र कर्तव्यों को पूरा कर सकें।

पवित्र सुसमाचार हमें बतलाता है कि आनन्द में उठाये जाने के पूर्व उन्होंने दुःख सहा तथा महिमा में प्रवेश करने के पहले वे क्रूसित किये गये। हम सर्वशक्तिमान ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि जो लोग क्रूस के रास्ते पर चल रहे हैं वे उसमें आशा, शांति एवं जीवन पा सकें। हम अपनी प्रार्थनाओं में हमारे क्षेत्र एवं विश्व के सभी पीड़ित लोगों के लिए प्रार्थना करते हैं। हम उन लोगों की भी याद करते हैं जो चुपचाप दुःख सह रहे हैं जो शरणार्थी हैं, जो आवास की खोज कर रहे है तथा जो विस्थापित हैं। वे लोग जो दबाव में जी रहे हैं जो वंचित हैं, हिंसा एवं भेदभाव के शिकार हैं और जो न्याय एवं मेल- मिलाप की तलाश कर रहे हैं।

मृत्यु से हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त का पुनरूत्थान हमें लगातार याद दिलाता है कि बुराई एवं मृत्यु की शक्ति जीवन पर हावी नहीं हो सकती बल्कि मृत्यु एवं अंधकार पर जीवन की विजय हुई है। ईश्वर ने येसु ख्रीस्त में हमसे मेल-मिलाप किया है तथा हमें मेल-मिलाप के मिशन हेतु बुलाया है।

पुनर्जीवित प्रभु हमें अपनी पवित्र आत्मा की शक्ति प्रदान करे ताकि हम उनके पुनरूत्थान द्वारा प्रेम एवं सेवा हेतु आगे बढ़ सकें तथा सुसमाचार को सभी तक पहुँचा सकें।  

ख्रीस्त जी उठे हैं, अल्लेलूया, वे सचमुच जी उठे हैं, अल्लेलूया।








All the contents on this site are copyrighted ©.