2018-03-31 15:08:00

पोप तावाद्रोस द्वितीय की ओर से संत पापा को पास्का पर्व की मंगलकामनाएँ


वाटिकन सिटी, शनिवार, 31 मार्च 2018 (वाटिकन न्यूज़)˸ मिस्र की ऑर्थोडॉक्स कलीसिया के परमाध्यक्ष तावाद्रोस द्वितीय ने संत पापा फ्राँसिस को पास्का पर्व की शुभकामनाएँ अर्पित की।

ऑर्थोडॉक्स परमाध्यक्ष ने संत पापा को सम्बोधित करते हुए अरबी भाषा में दिये विडीयो संदेश में कहा, "ख्रीस्त जी उठे हैं। वे सचमुच जी उठे हैं। मैं आपको पास्का पर्व की शुभकामनाएं अर्पित करता हूँ। यह एक ऐसा त्योहार है जिसमें हम आनन्द मनाते हैं क्योंकि येसु ख्रीस्त जी उठे हैं तथा उन्होंने मृत्यु पर विजय पायी है। मृत्यु पर विजय पाने के बाद उन्होंने क्रूस को जीवन का क्रूस बना दिया है।"

कॉप्टिक ऑर्थोडॉक्स कलीसिया के केंद्र काहिरा स्थित संत मार्क महागिरजाघर में दिये विडीयो संदेश को इताली काथलिक धर्माध्यक्षों के न्यूज़ एजेंसी एसआईआर में प्रकाशित किया गया है।

संत पापा फ्राँसिस को सुस्वास्थ्य एवं प्रसन्नता की कामना करते हुए कॉप्टिक परमाध्यक्ष ने उनसे कॉप्टिक ख्रीस्तीयों के लिए प्रार्थना का आग्रह किया है।

उन्होंने संत पापा फ्राँसिस को 13 मार्च को परमाध्यक्ष के रूप में पाँच साल पूरा करने के उपलक्ष्य में शुभकामनाएँ अर्पित करते हुए कहा है, "परमधर्माध्यक्ष, आपके चुनाव की पाँचवीं सालगिराह पर, मैं मिस्र की भूमि से यह संदेश भेजते हुए प्रसन्न हूँ, मैं आपको बधाई देता हूँ। "   

65 वर्षीय कॉप्टिक परमाध्यक्ष ने 2013 के मई माह में, संत पापा फ्राँसिस के चुनाव के दो महीने बाद अपनी रोम यात्रा की याद की। उन्होंने कहा, "यह एक सुखद यात्रा थी। हम पवित्र आत्मा से पूर्ण हो गये थे। मैं आप पर हमेशा विश्वास करता हूँ, मेरे लिए प्रार्थना कीजिए और हम भी आपको अपनी प्रार्थना में याद करते हैं।"

परमाध्यक्ष तावाद्रोस द्वितीय ने संत पापा की सेवा, उनके मिशन एवं स्वास्थ्य पर ईश्वर की आशीष की कामना की तथा उन्हें दीर्घ आयु की मंगलकामना अर्पित की।  

ज्ञात हो कि ऑर्थोडॉक्स कलीसिया में पास्का पर्व जुलियन कैलेंडर के अनुसार 8 अप्रैल को मनाया जाएगा।








All the contents on this site are copyrighted ©.