2018-03-23 11:28:00

तायवान के राजदूत को वाटिकन ने परमाध्यक्षीय शूरवीर पदवी से किया सम्मानित


वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 23 मार्च 2018 (रेई, वाटिकन रेडियो):  वाटिकन के लिये तायवान के राजदूत मैथ्यू ली को वाटिकन ने उनके कूटनैतिक कार्यों के लिये 15 मार्च को नाइट ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ पायस नवम शूरवीर पदवी से सम्मानित किया।   

नाइट ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ पायस नवम् पदवी की स्थापना सन्त पापा पियुस नवें ने 1847 ई. में की थी। यह पुरस्कार वाटिकन के लिये कार्यरत राजदूतों को दिया जाता है।  

तायवान के राजदूत मैथ्यू ली को उक्त शूरवीर पदवी से सम्मानित करते हुए वाटिकन ने कहा कि यह पुरस्कार श्री मैथ्यू ली को दोनों राष्ट्रों के बीच द्विपक्षीय सम्बन्धों को मज़बूत करने हेतु उनके योगदान  के लिये दिया गया है। साथ ही यह भी कहा गया कि वाटिकन द्वारा आयोजित समारोहों में उत्साहपूर्वक भाग लेने हेतु भी यह पुरस्कार उन्हें प्रदान किया गया है।

राजदूत मैथ्यू ली ने जनवरी 2016 में वाटिकन के लिये अपना राजनयिक मिशन आरम्भ किया था।

नाइट ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ पायस नवम शूरवीर पदवी वाटिकन के लिये कार्यरत दस अन्य राजदूतों को प्रदान की गई है जिनमें आर्जेन्टीना, ग्रीस, हंगरी, स्लोवेनिया, क्रोएशिया तथा बुरकीना फासो के राजदूत शामिल हैं।

पुरस्कार समारोह से दो दिन पूर्व ही तायवानी राजदूत मैथ्यू ली ने सन्त पापा फ्राँसिस को उनकी पाँचवी परमाध्यक्षीय वर्षगाँठ पर बधाई सन्देश प्रेषित करते हुए आशा व्यक्त की थी कि सन्त पापा तायवान की यात्रा कर सकेंगे। उन्होंने वाटिकन तथा तायवान के बीच मधुर सम्बन्धों को अधिकाधिक मज़बूत करने की वचनबद्धता भी व्यक्त की थी।








All the contents on this site are copyrighted ©.