2018-03-22 16:59:00

ईश्वर हमें एक माता और पिता के समान प्यार करते हैं, संत पापा फ्राँसिस


वाटिकन सिटी, बृहस्तपतिवार 22 मार्च 2018 (रेई) : पापस्वीकार संस्कार के लिए जाना गंदगी को दूर करने के लिए ड्राय क्लीनर मशीन के पास जाने की तरह नहीं, बल्कि ईश्वर के प्यार भरे आलिंगन को प्राप्त करना है।” यह बात संत पापा फ्राँसिस ने बृहस्तपतिवार 22 मार्च को अपने प्रेरितिक निवास संत मार्था के प्रार्थनालय में पवित्र यूखारिस्त समारोह के दौरान प्रवचन में कही।

संत पापा ने उत्पत्ति ग्रंथ(7: 9-9) से लिये गये पहले पाठ में ईश्वर और अब्राहम के बीच स्थापित विधान पर चिंतन करते हुए कहा,“ईश्वर हमेशा अपने विधान की याद करते हैं।” प्रभु निष्ठावान हैं, वे हमें नहीं भूलते हैं। संत पापा ने कहा कि हम दुखभोग के पवित्र सप्ताह के बहुत करीब हैं और माता कलीसिया इस काल में ईश्वर के सच्चे प्रेम को याद दिलाती और इस पर विचार करने के लिए प्रेरित करती है।

पिता और माता की तरह ईश्वर का आंत्रिक प्रेम

संत पापा ने कहा, “वास्तव में प्रभु हमें हृदय से प्रेम करते हैं वे कभी भी हमें भूल नहीं सकते।”  संत पापा अपने देश अर्जेंटीना में मनाये गये माताओं के दिवस की याद करते हैं जब वे अपनी माँ के लिए एक फूल दिया करते थे उस फूल का नाम है “मुझे भूल न जाना” यह फूल दो रंगों का होता है नीला रंग जीवित माताओं के लिए दिया जाता है और बैगनी रंग का फूल मृतक माताओं को चढ़ाया जाता है।

माता के समान ईश्वर हमें नहीं भूलते, वे हमसे बेइन्तहा प्रेम करते हैं। पर हम उसके प्रेम का अनुभव नहीं कर पाते और गलत काम करते, गलत रास्ते पर चले जाते हैं। फिर भी वे हमें अपने प्रेम में वापस लौटाने का हर संभव प्रयास करते और मौका भी देते हैं। वे हमें सुरक्षा प्रदान करते हैं।

पापस्वीकार संस्कार ड्राय क्लीनर मशीन के पास जाने जैसा नहीं है

संत पापा ने कहा कि ईश्वर की निष्ठा हमें आनंद प्रदान करती है। पापास्वीकार संस्कार में ईश्वर हमारे पापों को याद नहीं करते बल्कि प्रेम के साथ हमें उपने पास लौटने की राह देखते हैं। पापस्वीकार संस्कार के लिए जाना गंदगी को दूर करने के लिए ड्राय क्लीनर मशीन के पास जाने की तरह नहीं है। इस संस्कार में हम ईश्वर के प्रेम को पाते हैं ईश्वर हमें आलिंगन करने के लिए तैयार रहते हैं और हमेशा हममें विश्वास करते हैं।

हमारी खुशी आशा में आनन्दित होने की है

संत पापा ने आज के सुसमाचार (योहन 8: 51-59) के संदर्भ में कहा कि कानून के पंडितों ने येसु को मार डालने के लिए पत्थरों को जमा किया। हम भी अपने वचनों से लोगों को मार डालते हैं। जी उठे येसु की सच्चाई को धुँधला बना देते हैं। इतना होते हुए भी येसु हमें नहीं छोड़ते, वे हमसे प्यार करते हैं। हमारी खुशी आशा में आनन्दित होने की है क्योंकि वे हमें माता और पिता बढ़कर प्रेम करते हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.