2018-03-09 15:18:00

महाधर्माध्यक्ष पॉल बेउ वानडोक की मृत्यु, संत पापा के लिए भी सदमा


वाटिकन सिटी, शुक्रवार 9 मार्च 2018 (वीआर, रेई) :  संत पापा फ्राँसिस ने शुक्रवार के प्रातःकालीन मिस्सा बलिदान विशेष रुप से वियतनाम के महाधर्माध्यक्ष की आत्मा की शांति के लिए चढाया, जिनकी रोम में मंगलवार रात को अचानक मृत्यु हुई।

"यह न केवल वियतनामी धर्माध्यक्षों के लिए बल्कि संत पापा के लिए भी एक सदमा था" यह बात वियतनाम धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के महासचिव और माय-थो धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष पियेर्रे न्गुयेन वान खाम ने कही। महाधर्माध्यक्ष पॉल बेउ वानडोक की मृत्यु मंगलवार को रोम स्थित संत कमिल अस्पताल में हुई। जब वे संत पौल बसेलिका में थे तभी उन्हें दिल का दौरा पड़ा। वियतनाम के 32 धर्माध्यक्ष अद-लीमिना के लिए रोम आये हुए हैं। गत सोमवार को संत पापा के साथ उनकी बैठक हुई। शुक्रवार को संत पापा ने संत मार्था प्रार्थनालय में वियतनामी धर्माध्यक्षों को सांत्वना देते हुए और महाधर्माध्यक्ष पॉल बेउ वानडोक की आत्मा की शांति के लिए पवित्र मिस्सा का अनुष्ठान किया।

संत पापा ने मिस्सा के शुरु में कहा कि वे महाधर्माध्यक्ष पॉल बेउ वानडोक की मृत्यु के दुख को वियतनामी धर्माध्यक्षों के साथ साझा करना चाहते हैं। आइये हम एक साथ मिलकर हमारे भाई पॉल की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें।

महासचिव धर्माध्यक्ष पियेर्रे ने कहा कि पॉल बेउ वानडोक वियतनाम के दक्षिण में हो ची मिन्ह सिटी के  महाधर्माध्यक्ष थे। हो ची मिन्ह सिटी देश का सबसे बड़ा शहर है और लगभग दस लाख लोग वहाँ रहते हैं। इसलिए कलीसिया के लिए यह बहुत महत्वपूर्ण है। महाधर्माध्यक्ष पॉल बहुत ही बुद्धिमान व्यक्ति थे और सभी के साथ उनके बहुत अच्छे संबंध थे और उन्होंने अपने धर्मप्रांत में दोस्ती का सच्चा वातावरण बना लिया था।" धर्मप्रांत के विश्वासियों के लिए भी महाधर्माध्यक्ष पॉल की अचानक मृत्यु की दुखद खबर एक बड़ा सदमा है। उन्होंने बताया कि महाधर्माध्यक्ष पॉल के पार्थिव शरीर को अपने लोगों के दर्शनार्थ वियतनाम लिया जाएगा और वहीं उनकी अंत्येष्टि होगी।








All the contents on this site are copyrighted ©.