2018-02-12 16:30:00

कार्डिनल पारोलिन ने संत ईजीडियो समुदाय के 50 वर्षगाँठ पर ख्रीस्तयाग अर्पित किया


वाटिकन सिटी, सोमवार 12 फरवरी 2018 (रेई) : वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पियेत्रो पारोलिन ने संत ईजीडियो समुदाय के अंतरराष्ट्रीय आंदोलन के 50वीं वर्षगाँठ पर धन्यवादी ख्रीस्तयाग अर्पित किया और सदस्यों से आग्रह किया कि वे दूर दराज क्षेत्रों में ईश्वर के वचन का प्रचार जारी रखें।

संत ईजीदियो समुदाय "प्रार्थना, एकता, सार्वभौमिकता और वार्ता के आधार पर, लोकधर्मियों का एक विश्वव्यापी आंदोलन" है। वर्तमान में यह 70 देशों में कार्यरत है और इस के करीब 50,000 सदस्य हैं।

रोम स्थित सांता मरिया इन त्रासतेवेरे महागिरजाघर में शनिवार को संत इजीदियो समुदाय ने कार्डिनल पियेत्रो परोलिन की अध्यक्षता में 50 वर्षों के कार्यों के लिए धन्यवादी ख्रीस्तयाग समारोह मनाया।  

 कार्डिनल ने अपने प्रवचन में संत मारकुस के सुसमाचार से लिये गये पाठ येसु द्वारा कोढ़ी को चंगा किये जाने पर चिंतन किया। येसु ने कोढ़ी को शारीरिक रुप से उसे चंगा करने के साथ-साथ समाज से बहिष्कृत किये जाने और अकेलेपन की मानसिकता से भी उसे स्वतंत्र किया। कार्डिनल पारोलिन ने संत इजीदियो के कार्यों की तुलना करते हुए कहा कि कभी कभी उस कोढ़ी के समान बच्चे, महिलाएँ, वयोवृद्ध और बीमार समाज से निष्कासित महसूस करते हैं। पर इजीदियो समुदाय अपने उदार कार्यों द्वारा समाज में व्याप्त सभी तरह के कोढ़ों से लोगों को स्वतंत्र कर उनके उपने सम्मान को वापस लौटाते हैं।  ईश्वर के वचन और उनके प्रेम को दूर दराज लोगों तक पहुँचाते हैं।  

कार्डिनल पारोलिन ने कहा कि इजीदियो समुदाय यूरोप, अफ्रीका,एशिया और अमेरिका में अपने मिशन कार्य में लगा हुआ है। विशेष रुप से अफ्रीका में वे एड्स बीमारों की सेवा कर रहे हैं। सीरिया में शरणार्थियों की सेवा में लगे हुए हैं।

उन्होंने शांति की पहल के लिए उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की: "आप मानते हैं कि शांति संभव है, लोगों को हिंसा का बंधक नहीं बनाया जा सकता है और आप संघर्ष से मुक्ति दिलाने का ठोस प्रयास करने की कोशिश और आशा दिलाते हैं।"

कार्डिनल ने अपने प्रवचन के अंत में कहा कि संत इजीदियो समुदाय "असीसी की भावना" में, ख्रीस्तीयों और अन्य धर्म के लोगों के साथ प्रेम और भाईचारे की भावना को स्थापित करने में अहम् भूमिका निभाती है।"  








All the contents on this site are copyrighted ©.