2017-12-21 15:50:00

संत पापा ने कार्डिनल लॉ के निधन पर शोक व्यक्त किया


वाटिकन सिटी, बृहस्पतिवार, 21 दिसम्बर 2017 (रेई): संत पापा फ्राँसिस ने रोम स्थित मरिया मेजर महागिरजाघर के प्रधान पुरोहित एवं बोस्टन के सेवानिवृत महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल बेर्नार्ड फ्राँसिस लॉ के निधन पर एक तार संदेश प्रेषित कर शोक व्यक्त किया।

कार्डिनल की मृत्यु 86 वर्ष की उम्र में एक लम्बी बीमारी के बाद 20 दिसम्बर को हुई।

कार्डिनल मंडल के डीन कार्डिनल अंजेलो सोदानो को प्रेषित तार संदेश में संत पापा ने कहा, "मैं उनकी आत्मा की अनन्त शांति हेतु प्रार्थना करता हूँ कि प्रभु ईश्वर जो करुणा के धनी हैं, उन्हें अपने अनन्त शांति में प्रवेश पाने दे।" 

संत पापा ने अपना प्रेरितिक आशीर्वाद देते हुए कहा, "कार्डिनल के निधन पर जो लोग शोकित हैं उन्हें मैं रोम की संरक्षिका धन्य कुँवारी मरियम के ममतामय स्नेह को समर्पित करता हूँ।"

कार्डिनल लॉ 1984 से 2002 तक बोस्टन के महाधर्माध्यक्ष थे। उनके बाद वे रोम भेजे गये थे जहाँ उन्होंने मरिया मेजर महागिरजाघर में प्रधान पुरोहित के रूप में अपनी सेवा दी।

वाटिकन के संत पापा की धर्मविधिक अनुष्ठान कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कार्डिनल लॉ का अंतिम संस्कार संत पेत्रुस महागिरजाघर में बृहस्पतिवार 21 दिसम्बर को सम्पन्न हुआ। कार्डिनल अंजेलो सोदानो ने ख्रीस्तयाग का अनुष्ठान किया तथा संत पापा फ्राँसिस ने अंतिम संस्कार की धर्मविधि सम्पन्न की।








All the contents on this site are copyrighted ©.