2017-11-08 14:53:00

टेक्सास में गोली के शिकार लोगों के प्रति संत पापा की संवेदना


वाटिकन सिटी, बुधवार 8 नवम्बर 2017 (वीआर, रेई) : संत पापा फ्राँसिस ने टेक्सास में गोली के शिकार लोगों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट की है।

गोली बारी में 28 लोगों के मरने की खबर है इस हादसे का शिकार एक गर्भवती भी हुई। मरने वालों की उम्र 18 महीने से 77 वर्ष बतायी जा रही है। 20 घायल हो गये हैं और 10 की हालत बहुत गंभीर है।

संत पापा फ्राँसिस की ओर से वाटिकन सचिव कार्डिनल पियेत्रो परोलीन ने महाधर्माध्यक्ष गुस्तावो ग्रासिया को तार संदेश प्रषित कर कहा कि संत पापा सदरलैंड स्प्रिंग्स के प्रथम बैपटिस्ट गिरजाघर में हुए गोलीबारी से अनेकों की मौत और गंभीर चोटों की खबरों से बेहद दुःखित हैं। कार्डिनल ने महाधर्माध्यक्ष से संत पापा की भावभीनी संवेदना को स्थानीय कलीसिया, घायल लोगों और घटना के शिकार लोगों के परिजनों तक पहुँचाने आग्रह किया।

संत पापा की प्रार्थना है कि येसु ख्रीस्त उन सभी को सांत्वना दें जो अपने प्रियजनों के लिए विलाप कर रहे हैं। प्रभु ख्रीस्त उन्हें आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करें जिससे वे आशा, प्रेम और क्षमा की शक्ति से हिंसा और घृणा पर जीत हासिल सकें।"

अमरीकी अधिकारियों ने समाचार एजेंसी एसोसिएट प्रेस को बताया कि हमलावर की पहचान 26 साल के डेविन पी केली के रूप में की गई है, जिसकी मौत घटना स्थल से भागने के क्रम में हो गई। हमलावर को स्थानीय समयानुसार रविवार सुबह 11.20 बजे गिरजाघर में घुसते देखा गया था। उसके हाथ में एक राइफ़ल थी, जिससे उसने गिरजाघर के बाहर गोलीबारी की। गिरजाघर के अंदर घुसने तक वो लगातार गोलीबारी करता रहा।

अधिकारियों के मुताबिक गिरजाघर से निकलने के बाद हमलावर का सामना स्थानीय लोगों से हुआ। स्थानीय लोगों ने उनसे राइफल को छीन लिया और पीछा किया। भागने के क्रम में हमलावर की गाड़ी दुर्घटना की शिकार हो गई जिसमें डेविन की मौत हो गई। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक़ डेविन सदरलैंड स्प्रिंग्स से 35 मील दूर न्यू ब्राउनफेल्स के संत अन्तोनियो का रहने वाला था।








All the contents on this site are copyrighted ©.