2017-09-09 12:19:00

कोलोम्बिया के भूतपूर्व लड़ाका क्षेत्रों में सन्त पापा ने लगाई पुनर्मिलन की पुकार


विलाविचेन्सियो, कोलोम्बिया, शनिवार, 09 सितम्बर 2017 (रेई, वाटिकन रेडियो): कोलोम्बिया के विलाविचेन्सियो नगर से शुक्रवार को सन्त पापा फ्राँसिस ने एक बार फिर क्षमा एवं पुनर्मिलन की पुकार लगाई। इस समय सार्वभौमिक काथलिक कलीसिया के परमधर्मगुरु कोलोम्बिया में अपनी पाँच दिवसीय प्रेरितिक यात्रा पर हैं। शनिवार 09 सितम्बर को सन्त पापा फ्राँसिस कोलोम्बिया के मैडलिन शहर की ओर प्रस्थान कर रहे हैं जो कभी मादक पदार्थों से जुड़े अपराधी गुटों का प्रमुख अड्डा हुआ करता था। मैडलिन की चर्चा से पूर्व आइये शुक्रवार को कोलोम्बिया के विलाविचेन्सियो में सम्पन्न कार्यक्रमों का सिंहावलोकन कर लें। 

सन्त पापा फ्राँसिस ने कोलोम्बिया में अपनी यात्रा शुरु होने के बाद अनेक बार वार्ताओं द्वारा क्षमा एवं पुनर्मिलन के लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया है। इसी श्रंखला को विलाविचेन्सियो में भी जारी रखते हुए उन्होंने कोलोम्बिया के पूर्व गुरिल्लाओं, सरकारी दलों एवं गृहयुद्ध के दौरान हिंसा के शिकार बने लोगों से अपील की कि वे अतीत को भूल कर अपने आततायियों को क्षमा कर दें। स्मरण रहे कि विलाविचेन्सियो फार्क गुरिल्लाओं के युद्ध के दौरान हिंसा का प्रमुख केन्द्र बना था।

शुक्रवार को सन्त पापा ने राजधानी बोगोटा से लगभग 90 किलोमीटर की दूरी पर स्थित विलाविचेन्सियो नगर के "कटामा"  नामक उद्यान में लगभग दस लाख विश्वासियों की उपस्थिति में आराऊका के धर्माध्यक्ष प्रभु सेवक इमिलियो जारामिल्लो मोनसाल्वे तथा धर्मप्रान्तीय पुरोहित प्रभु सेवक पेद्रो रामीरेज़ रामोस को धन्य घोषित कर वेदी का सम्मान प्रदान किया। गृहयुद्ध के दौरान धर्माध्यक्ष इमिलियो मोनसाल्वे का तीन अन्य पुरोहितों के साथ अपहरण कर लिया गया था तथा 03 अक्टूबर सन् 1989 ई. को उनकी हत्या कर दी गई थी। जबकि, सन् 1948 ई. में कोलोम्बिया की उदारवादी पार्टी के नेता पेद्रो गायतान की हत्या के उपरान्त भड़की हिंसा में पुरोहित पेद्रो रामीरेज़ रामोस को मार डाला गया था। 

शुक्रवार को विलाविचेन्सियो के कटामा उद्यान में सन्त पापा फ्राँसिस ने ख्रीस्तयाग अर्पण के दौरान इन दोनों प्रभु सेवकों को धन्य घोषित किया। इस धन्य घोषणा समारोह में लगभग 112 जनजातियों एवं देशज लोगों के प्रतिनिधि उपस्थित हुए। इन्हीं में कोलोम्बिया के गृहयुद्ध में घायल एवं उत्पीड़ित हज़ारों लोग भी शामिल थे। इस अवसर पर सन्त पापा ने कहा कि कोलोम्बिया के सामान्य लोगों में प्रतिशोध की भावना उठना स्वाभाविक है किन्तु प्रभु ख्रीस्त के सुसमाचार के समीप रहकर हिंसा और कटुता के परे जाने की शक्ति प्राप्त हो सकती है। 








All the contents on this site are copyrighted ©.