2017-08-16 14:42:00

बंगलादेश में बाढ़ से 26 की मौत एवं हज़ारों विस्थापित


बंगलादेश, बुधवार, 16 अगस्त 2017 (ऊकान): बंगलादेश में बाढ़ के कारण बच्चों समेत 26 लोगों की मृत्यु हुई है तथा हज़ारों विस्थापित हो गये हैं।

दीनाजपुर जिले के डिप्टी कमिश्नर खैरुल आलम ने कहा कि राजधानी ढाका के साथ सड़क और रेल सेवाओं को भारी नुकसान हुआ है।

उन्होंने कहा, ″लोगों को बाढ़ से निकाल कर शिविरों में लेने तथा नदी के टूटे पूलों की मरम्मत करने के लिए हम सैन्य बलों की मदद ले रहे हैं। लोगों के लिए सूखे खाद्य पदार्थों एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की जा रही है।″  

दिनाजपुर में, बाढ़ का पानी काथलिक गिरजाघर में भी भर गया है, जिसमें धर्माध्यक्षीय आवास, संत फ्रांसिस जेवियर महागिरजाघर और संत फिलिप हाई स्कूल और कॉलेज शामिल हैं।

काथलिक करीतास के व्यवस्थापक पिन्टू विलियम गोमेस ने बाढ़ की स्थिति अत्यन्त खराब बतलायी।

उन्होंने कहा, ″जिस क्षेत्र की सतह नीचे है वहाँ हर साल बाढ़ आती है किन्तु इस साल ऊपरी सतह भी बुरी तरह प्रभावित हुई है जो खतरे का चिन्ह है यदि यह स्थिति जारी रही, तो यह 20 वर्षों में सबसे खतरनाक बाढ़ होगी।"

गोमेस ने कहा कि गिरजाघर एवं स्कूल विस्थापित लोगों के रहने के लिए प्रयोग किये जा रहे हैं तथा हमने लोगों को 2 लाख टका के साथ अन्य सहायताओं की आपूर्ति की है।

उन्होंने कहा कि दान दाताओं को स्थिति की जानकारी दे दी गयी है। वे तात्कालिक आवश्यकताओं की पूर्ति करने की कोशिश कर रहे हैं तथा बाढ़ के बाद पुनर्वास ने निर्माण हेतु मदद करेंगे।

आपदा प्रबंधन और राहत मंत्री मोफ्ज्जल हुसैन चौधरी ने 14 अगस्त को संवाददाताओं से कहा कि कम से कम 600,000 लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा, ″हमें डर है कि आने वाले दिनों में स्थिति कही बदतर न हो जाए किन्तु हम इस आपदा का सामना करने के लिए तैयार हैं।″ 

चिंता है कि ढाका समेत मध्य बांग्लादेश में कम से कम 9 जिलों में बाढ़ आ सकती है क्योंकि बाढ़ का पानी दक्षिण से बंगाल की खाड़ी की ओर बहती है।

यूरोपीय संघ के वैश्विक बाढ़ जागरूकता प्रणाली के अनुसार, हिमालय के दक्षिणी क्षेत्र में अगले 10 दिनों में 200 मिलीमीटर अधिक बारिश होने की उम्मीद है। इसने दक्षिण एशिया में बाढ़ के व्यापक भय को बढ़ा दिया है।








All the contents on this site are copyrighted ©.