2017-05-31 15:28:00

एशिया में युवा ख्रीस्तीय शांति के राजदूत


चियांग माई, बुधवार, 31 मई 2017 (एशिया न्यूज) : एशियाई ख्रीस्तीय संघ के मुख्यालय थाईलैंड के चियांग माई शहर में सोमवार 29 मई से ″एशिया में युवा ख्रीस्तीय शांति के राजदूत″ विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया है जिसमें एशिया के विभिन्न देशों से 30 युवा सेमिनार में भाग ले रहे हैं। इस सेमिनार का उद्देश्य युवाओं को अंतरधार्मिक दृष्टिकोण के आधार पर शांति शिक्षा प्रदान करने के विभिन्न तरीकों का सिखाना तथा विभिन्न धार्मिक नेताओं और विद्वानों के साथ बातचीत कराना है। प्रशिक्षण के दौरान, युवा लोगों को चियांग माई शहर के बौद्ध, हिंदू, मुस्लिम और सिख धार्मिक तीर्थ स्थानों और मठों का दौरा कराया जाएगा।

इस प्रशिक्षण द्वारा युवाओं में अंतरधार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण विकसित करते हुए स्थानीय समुदायों में शांति निर्माण हेतु उन्हें सक्षम बनाना है। एशियाई ख्रीस्तीय संघ के महासचिव मैथ्यु जोर्ज चुनाकारा ने एशियाई धर्मों और आध्यात्मिकता में न्याय के साथ शांति को जोड़ते हुए कहा, ″सभी धार्मिक परंपराएँ पृथ्वी पर शांति और दुश्मनी की दीवारों को तोड़ने के संदेश पर सहमत हैं। सभी धार्मिक मूल्य इस बात को स्वीकार करते हैं कि मनुष्य ईश्वर के प्रतिरुप में बनाये गये हैं एवं मानव अधिकार और गरिमा की मान्यता न्याय के साथ शांति का महत्वपूर्ण सिद्धांत है। महासचिव मैथ्यु ने कहा कि इस सम्मेलन द्वारा एशिया के युवाओं को अपने स्थानीय समाज में शांति के प्रवर्तकों के रुप में वापस भेजना है।″

धर्म, संस्कृति और शांति संस्थान के निदेशक जोसेफ मानिकम ने न्याय और शांति के लिए अंतरधार्मिक वार्ता विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा, ″शांति एक यात्रा है इसकी शुरुआत असहिष्णुता से सहिष्णुता की ओर होती है। संघर्ष को समाप्त करने के लिए हमें एक आम भाषा में बातें करनी चाहिए।″








All the contents on this site are copyrighted ©.