2017-04-03 16:45:00

देवदूत प्रार्थना के पूर्व कारपी के विश्वासियों को संत पापा का सम्बोधन


वाटिकन सिटी, सोमवार, 3 अप्रैल 2107 (वीआर सेदोक): कारपी में ख्रीस्तयाग के उपरांत संत पापा ने विश्वासियों के साथ देवदूत प्रार्थना का पाठ किया। देवदूत प्रार्थना के पूर्व उन्होंने विश्वासियों को सम्बोधित कर कहा, ″प्रिय भाइयो एवं बहनो, ″मैं आपलोगों को धन्यवाद देना चाहता हूँ इस ख्रीस्तयाग में भाग लेने के लिए। मैं उन लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूँ जिन्होंने इस दोगुणी मैराथन के लिए काम किया है, विगत रविवार (पुनःनिर्मित महागिरजाघर के उद्घाटन) एवं इस रविवार के लिए। बहुत-बहुत शुक्रिया।″ संत पापा ने बीमार लोगों को विशेष रूप से सम्बोधित कर कहा, ″मैं आप सभी बीमार लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूँ यहाँ करीब 4,500 रोगी हैं। आपकी पीड़ा के द्वारा पीड़ित कलीसिया को ख्रीस्त का क्रूस उठाने में मदद मिलती है। आप सभी को धन्यवाद।

संत पापा ने धन्य कुँवारी मरियम की याद कर उन्हें अपनी कृतज्ञता प्रकट करते हुए कहा, ″इस समारोह के अंत में हमारा ध्यान धन्य कुँवारी मरियम की ओर जाता है जिनको आप इस महागिरजाघर में सम्मानित करते हैं जो उन्हीं के लिए समर्पित है। माता मरियम को हम अपना आनन्द, दुःख एवं आशा अर्पित करें। हम उनसे याचना करें कि वे दया की एक नजर हम पर फेर दें, खासकर, जो पीड़ित हैं, बीमार हैं, गरीब हैं तथा जो बेरोजगार हैं। 

संत पापा ने धन्य ऑद्वारदो फोकेरीनी तथा माननीय मारियाना सालतीनी की याद कर, उनके उदार कार्यों द्वारा ख्रीस्त के साक्ष्य के लिए, अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। संत पापा ने सभी विश्वासियों को धन्यवाद देते हुए उन्हें प्रोत्साहन दिया कि वे अपने सामुदायिक जीवन में पुरोहितों के साथ मिलकर अपना उदार सहयोग दें। सुसमाचार के प्रचार एवं साक्ष्य हेतु आवश्यक बातों का सदा ख्याल रखें।  

संत पापा ने एमिलिया के सभी धर्माध्यक्षों खासकर, कारपी के धर्माध्यक्ष फ्राँचेस्को कविना को विशेष धन्यवाद दिया तथा अपील की कि वे सुनने, स्नेह एवं करीबी से उनकी चिंता करने के द्वारा अपने पुरोहितों के करीब रहें।

अंततः संत पापा ने वहाँ उपस्थित सभी विश्वासियों, पुरोहितों, धर्मसमाजियों, अधिकारियों खासकर, जिन्होंने इस यात्रा को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया है, उन्होंने सभी के साथ गायक दल के सदस्यों को विशेष धन्यवाद दिया।

संत पापा ने माता मरियम के चरणों में सभी विश्वासियों के जीवन, कलीसिया एवं विश्व के भाग्य को सुपुर्द करते हुए देवदूत प्रार्थना का पाठ किया तथा सभी को अपना प्रेरितिक आशीर्वाद दिया।








All the contents on this site are copyrighted ©.