2017-03-07 15:34:00

हिन्दू कट्टरपंथियों ने विवाह प्रार्थना सभा में बाधा पहुँचाई


भोपाल, मंगलवार, 7 मार्च 2017 (उकान): हिन्दू वाहिनी संगठन के कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश स्थित शिवपुरी के गिरजाघर में प्रवेशकर विवाह प्रार्थना सभा में बाधा पहुँचाई। उनका आरोप था कि एक ख्रीस्तीय लड़की के साथ विवाह के लिए एक हिन्दू लड़के का धर्म परिवर्तन किया जा रहा था।

लड़की के संबंधियों ने कार्यकर्ताओं को बताया कि उन्होंने सिर्फ प्रार्थना सभा का आयोजन किया है इसके बाद वे मिलकर रात्रि का भोजन करेंगे। लड़की के माता पिता ने उन्हें शांत करने के लिए शादी का कार्ड दिखाया जिसके अनुसार विवाह अगले 13 मार्च को उज्जैन के आर्य समाज मंदिर में सम्पन्न होगी।

टाउन इंस्पेक्टर संजय दीक्षित ने कहा कि घटना कुछ भ्रम की स्थिति का नतीजा था। "हिंदू वाहिनी के कार्यकर्ता हमारे पास आए थे और आरोप लगाया कि एक हिंदू का जबरजस्ती से धर्मांतरण किया जा रहा था। पुलिस भी कार्यकर्ताओं के साथ गिरजाघर आई पर उन्होंने आरोप को गलत पाया।″ 

मध्य प्रदेश की धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के अनुसार बलपूर्बक, लालच देकर और धोखाधड़ी से धर्म परिवर्तन निषेध है। अधिनियम के तहत अधिकारियों को सूचित किए बिना धर्म परिवर्तन करना भी दंडनीय है।

भोपाल के महाधर्माध्यक्ष लेओ कोरनेलियो और काथलिक लोकधर्मी मंच (सीएसएफ) ने पिछले साल आरोप लगाया था कि अक्सर अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाने के लिए इस अधिनियम का दुरुपयोग किया जाता है।








All the contents on this site are copyrighted ©.