2017-02-07 15:52:00

हजारों बांग्लादेशियों ने पादुआ के संत अंतोनी के अवशेष का दर्शन किया


ढाका, मंगलवार 7 फरवरी 2017 (एशियान्यूज) : बांग्लादेश के काथलिक और अन्य धर्मावलंबी हजारों की संख्या में देश में पहली बार लाये गये पादुआ के संत अंतोनी के अवशेष का दर्शन कर रहे हैं। काथलिकों, मुसलमानों और हिन्दुओं के बीच प्रख्यात संत अंतोनी के अवशेष को अमेरिका से 1 फरवरी को बांग्लादेश पंजोरा के संत अंतोनी गिरजाघर में लाया गया जहाँ करीब 70,000 लोगों ने उनका स्वागत किया।

ढाका के सहायक धर्माध्यक्ष फ्राँसिस गोमेस ने कहा कि ″हम संत अंतोनी के लिए लोगों के सम्मान को देख कर चकित हैं। हजारों की संख्या में लोग अवशेष का दर्शन करने हेतु आ रहे हैं और घंटों लाइन में खड़े होकर अपने बारी का इन्तजार करते और आँखों में आँसु लिए संत के पास बड़ी श्रद्धा से प्रार्थना करते हैं।″

पुर्तगाल में जन्में संत अंतोनी की अर्ध-प्रतिमा में रखे अवशेष को उनके सम्मान में समर्पित ढाका के तेजगाँव गिरजाघर में रखा गया है। अब तक करीब 40 हजार श्रद्दालुओं ने अवशेष का दर्शन किया है।

देश के पहले कार्डिनल पैट्रिक डी रोजारियो ने तीर्थ यात्रा के लिए प्रोत्साहन दिया। उन्होंने बांग्लादेश में 3 फरवरी को संत अंतोनी के पर्व दिवस मनाने हेतु पादुआ के पुरोहितों को आमंत्रित किया।

नागोरी पल्ली के पंजोरा गिरजाघर का समारोह, सबसे भव्य समारोहों में से एक है जिसमें भाग लेने हेतु  विदेशों में काम करने वाले भी अपने देश लौट आये हैं।

नागोरी के पल्ली पुरोहित फादर जयंतो एस. गोमेस ने कहा कि इस वर्ष संत अंतोनी के अवशेष की वजह से हजारों लोग त्योहार मनाने आये। इस अवसर पर सैकड़ों काथलिकों ने मेल मिलाप का संस्कार ग्रहण किया। फादर जयंतो ने कहा, ″हमने पवित्र यूखरीस्तीय समारोह में भाग लेने वाले ख्रीस्तीयों के बीच 140,000 परमप्रसाद का वितरण किया।″

संत अंतोनी के अवशेष को 8 फरवरी तक बांग्लादेश में रखा जाएगा और उसके बाद भारत में इसे 10 फरवरी से 15 मार्च के बीच घुमाया जाएगा।








All the contents on this site are copyrighted ©.