2017-01-07 15:35:00

येई के धर्माध्यक्ष जंगल में विद्रोही लड़ाकों के साथ मिलने के लिए तैयार


 वाटिकन रेडियो, शनिवार, 7 जनवरी 2017 (वा.रेडियो) : दक्षिण सूडान में येई के धर्माध्यक्ष एरकोलानो लोदू टोम्बे ने विद्रोही लड़ाकों से मिलने और उनकी शिकायतों का पता लगाने के लिए सरकार से जंगल में यात्रा करने की अनुमति हेतु दुबारा अनुरोध किया है।

दक्षिण सूडान के काथलिक रेडियो के अनुसार येई के धर्माध्यक्ष एरकोलानो लोदू टोम्बे अखिल ख्रीस्तीय समुदाय के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने कहा कि रास्ते में विभिन्न चौकियों में अनावश्यक विवाद और संदेह से बचने के लिए अनुमति लेना अति आवश्यक है।

धर्माध्यक्ष एरकोलानो लोदू टोम्बे का कहना है कि कलीसिया किसी भी पार्टी की जासूस नहीं है वे विद्रोही लड़ाकों की तलाश करने के लिए जाना चाहते हैं ताकि लड़ाई बंद हो।

स्थानीय राजनीतिक प्रशासकों ने धर्माध्यक्ष के अनुरोध को पहले से ही मंजूरी दे दी है लेकिन येई राज्य सूचना मंत्री स्टीफन लाडो उनेसिमुस ने कहा कि राज्य सरकार को दक्षिण सूडान की केंद्रीय सरकार की  ओर से उसकी प्रतिक्रिया और मंजूरी का इन्तजार है।

धर्माध्यक्ष टोम्बे ने येई नदी राज्य में इस सप्ताह आयोजित एक बैठक में अपने इरादे का खुलासा किया। बैठक में सूडान पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (एसपीएलए) के अधिकारियों और कलीसिया के नेतागण शामिल थे। बैठक का उद्देश्य येई के नागरिकों और सैनिकों के बीच संबंधों में सुधार लाने की कोशिष करना था। 








All the contents on this site are copyrighted ©.