2016-12-27 11:48:00

राजस्थान में क्रिसमस पर शांति रैली


उदयपुर, मंगलवार, 27 दिसम्बर 2016 (सेदोक): राजस्थान के उदयपुर शहर में आठ वर्षों पूर्व स्थापित अन्तरधार्मिक शांति रैली प्रतिवर्ष क्रिसमस के उपलक्ष्य में आयोजित की जाती रही है।

इस वर्ष यह रैली 19 दिसम्बर को मनाई गई जिसमें ख्रीस्तीय सहित हिन्दू, इस्लाम एवं सिक्ख धर्मों के 10,000 लोगों ने भाग लिया। 

उदयपुर में मैत्री सदन के निर्देशक फादर नॉरबर्ट हेरमन ने ऊका समाचार से कहा, "येसु ख्रीस्त धर्मों के परे हैं और विश्व को शांति प्रदान करने के लिये उन्होंने मानव रूप में जन्म लिया था। इसी कारण यह शांति रैली क्रिसमस के उपलक्ष्य में आयोजित की जाती रही है।

रैली में शहर के लगभग 20 स्कूलों ने हिस्सी लिया जिसमें बैलगाड़ियाँ एवं ऊँट गाड़ियाँ भी शामिल थीं। उदयपुर के नगराध्यक्ष चन्द्र सिंह कोठारी भी रैली में उपस्थित हुए। उन्होंने कहा, "इस कोलाहल भरे विश्व में शांति की नितान्त आवश्यकता है और येसु शांति एवं आनन्द प्रदान करने इस धरती पर आये थे।"

इस अवसर पर उदयपुर के धर्माध्यक्ष देवप्रसाद गनावा तथा अन्य धर्मों के नेताओं ने भी एकता, शांति एवं आनन्द का सन्देश दिया तथा सभी धर्मों के बीच मैत्री एवं सहयोग का आह्वान किया। 








All the contents on this site are copyrighted ©.