2016-11-22 11:29:00

फादर एग्नेल की धन्य घोषणा के लिये जाँच शुरु


वाटिकन सिटी, मंगलवार, 22 नवम्बर 2016 (सेदोक): वाटिकन ने पूज्य फादर एग्नेल डिसूज़ा की धन्य घोषणा प्रक्रिया शुरु करने के लिये उनकी मध्यस्थता से सम्पादित चमत्कार पर जाँच पड़ताल आरम्भ कर दी है।

ऊका समाचार को गोवा धर्मप्रान्त के पुरोहित फादर हिलेरी फरनानडेज़ ने बताया कि फादर एग्नेल का मध्यस्थता से एक 35 वर्षीया गर्भवती महिला को चंगाई प्राप्त हुई है। महिला का तीन बार गर्भस्राव हो चुका था किन्तु गर्भ के छठवें महीने में उसने समय से पहले एक बच्चे को जन्म दिया। उन्होंने बताया कि इस समय माँ और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि महिला के परिवार ने बच्चे के सुरक्षित जन्म को फादर एग्नेल से की गई प्रार्थना का फल माना है और अब फादर एग्नेल के भक्तों की आशा है कि इससे उनके धन्य घोषणा की प्रक्रिया शुरु हो सकेगी।

फादर एग्नेल डिसूज़ा का निधन सन् 1927 ई. में हो गया था। उनके निधन के बाद से गोवा एवं मुम्बई में कई स्थलों पर उनके अवशेष सुरक्षित रखे गये हैं जहाँ लाखों तीर्थयात्री श्रद्धा प्रकट करने आते हैं।

फादर हिलेरी फरनानडेज़ ने कहा कि हमें हर वर्ष श्रद्धालुओं के हज़ारों पत्र मिलते हैं जिनमें फादर एग्नेल की मध्यस्थता से प्राप्त कृपाओं का विवरण रहता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इन कृपाओं को चमत्कार नहीं घोषित किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में धऩ्य घोषणा प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मुख्य चुनौती चिकित्सा विवरण तथा उपचार पर लिखित बयान देने में डॉक्टरों की अनिच्छा से उत्पन्न हुई है  जो चमत्कार को मंजूरी देने के लिये अनिवार्य शर्त है।

फादर एग्नेल गोवा स्थित सन्त फ्राँसिस ज़ेवियर को समर्पित पिलार फादर्स नामक धर्मसमाज के सदस्य थे। गोवा में माँ मरियम को समर्पित पिलार की महारानी नामक तीर्थ पर बनी उनकी समाधि पर 20 नवम्बर को उनकी पुण्य तिथि के पलक्ष्य में आयोजित नौरोज़ी प्रार्थना के अवसर नौ दिन तक लगातार दो हज़ार से अधिक तीर्थयात्री उनकी समाधि पर श्रद्धा अर्पित करने आते हैं।

फादर फरनानडेज़ ने बताया कि पेरिस, लन्दन तथा मलेशिया, सिंगापुर एवं ब्राज़ील में रहनेवाले गोवा के लोगों ने इन देशों में भी फादर एग्नेल की भक्ति का प्रसार किया है।








All the contents on this site are copyrighted ©.