2016-08-15 16:08:00

भारत के प्रेरितिक राजदूत महाधर्माध्यक्ष पेन्नाक्यो का तबादला पोलैंड में


नई दिल्ली, सोमवार, 15 अगस्त 2016 (ऊकान): भारत एवं नेपाल के लिए वाटिकन के प्रेरितिक राजदूत महाधर्माध्यक्ष सलवातोरे पेन्नाक्यो का तबादला पोलैंड में हो गया है।

भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के महासचिव धर्माध्यक्ष थेओदोर मसकरेनहास द्वारा लिखे पत्र में कहा गया है कि इसकी घोषणा 6 अगस्त को येसु के रूपांतरण महापर्व के दिन रोम में किया गया था। 

64 वर्षीय महाधर्माध्यक्ष पेन्नाक्यो भारत में अपनी प्रेरिताई समाप्त कर, अक्तूबर माह में पोलैंड के लिए प्रस्थान करेंगे। उनके स्थान पर किसी दूसरे के आने की कोई जानकारी अभी नहीं दी गयी है।

महाधर्माध्यक्ष पेन्नाक्यों 2010 में भारत के लिए वाटिकन के प्रेरितिक राजदूत बने थे। इसके पूर्व वे थाईलैंड, सिंगापूर तथा कम्बोडिया में प्रेरितिक राजदूत रह चुके हैं एवं म्यानमार, लाओस, मलेशिया और ब्रुनीए के प्रेरितक प्रतिनिधि का कार्यभार सँभाला है।

एशिया में अपनी प्रेरिताई के दौरान उन्होंने थाईलैंड के चियांग माई में 18 से 22 अक्तूबर 2006 ई. में आयोजित एशियाई मिशन कॉन्ग्रेस का सफल नेतृत्व किया था।

वाटिकन के प्रेरितिक राजदूत के रूप में उनकी पहली नियुक्ति रूवाण्डा में 1998 ई. में हुई थी। उनका महाधर्माध्यक्षीय अभिषेक 6 जनवरी 1999 ई. में हुआ।

महाधर्माध्यक्ष पेन्नाक्यो का जन्म इटली के नेपल्स स्थित मारानो में हुआ था। वे 18 सितम्बर 1976 को अवेसरा धर्मप्रांत के पुरोहित के रूप में अभिषिक्त हुए।

दर्शनशास्त्र में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त कर चुके महाधर्माध्यक्ष पेन्नाक्यो अंग्रेजी, फ्रेंच एवं स्पानी भाषा के ज्ञाता हैं।

 








All the contents on this site are copyrighted ©.