2016-06-28 11:22:00

कोलकाता के पूर्व महाधर्माध्यक्ष हेनरी डिसूजा नहीं रहे


कोलकाता, मंगलवार, 28 जून 2016 (ऊका समाचार): कोलकाता के सेवानिवृत्त महाधर्माध्यक्ष हेनरी सेबेस्टियन डीसूजा का सोमवार को  देहान्त हो गया। वे 90 वर्ष के थे।

कोलकाता के महाधर्माध्यक्ष थॉमस डिसूज़ा ने पी.टी.आई. समाचार एजन्सी को बताया कि सोमवार को महाधर्माध्यक्ष हेनरी डिसूज़ा का उनके निवास पर ही देहान्त हो गया। शिक्षाविद् एवं कलीसिया सम्बन्धित कल्याणकारी योजनाओं में सक्रिय रहनेवाले महाधर्माध्यक्ष हेनरी डिसूज़ा सन् 1986 से सन् 2002 तक कोलकाता महाधर्मप्रान्त के काथलिक धर्माधिपति थे।

कोलकाता की मदर तेरेसा के निधन के समय महाधर्मप्रान्त में अग्रणी रहने की वजह से महाधर्माध्यक्ष हेनरी डिसूज़ा ने अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना ली थी। बाद में उन्होंने मदर तेरेसा की सन्त प्रकरण प्रक्रिया शुरू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आगामी सितम्बर माह में वाटिकन में सदर तेरेसा की सन्त घोषणा निर्धारित है।

अपने जीवनकाल के दौरान महाधर्माध्यक्ष हेनरी सेबेस्टियन डिसूजा ने भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अध्यक्ष तथा एशियाई धर्माध्यक्षीय सम्मेलनों के महासंघ के महासचिव पदों पर भी सेवाएँ अर्पित की थी। आप कटक-भुवनेश्वर के भी धर्माध्यक्ष रहे थे।

शिक्षा विशेषज्ञ महाधर्माध्यक्ष डिसूज़ा ने खड़गपुर शहर में सेक्रेड हार्ट स्कूल की स्थापना में प्रमुख भूमिका निभाई थी।








All the contents on this site are copyrighted ©.