2016-06-23 15:41:00

धर्माध्यक्ष ने फा. सुशील के आक्रमणकारी की गिरफ्तारी की मांग की


नई दिल्ली, बृहस्पतिवार, 23 जून 16 (ऊकान): तेजपुर धर्मप्रांत के काथलिक धर्माध्यक्ष मिखाएल अकासियुस टोप्पो ने फा. सुशील पर हुए हिंसक हमले की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस से अपील की है कि वे आक्रमणकारी को गिरफ्तार करें।  

उन्होंने ऊका समाचार से कहा, ″हम सदमे में हैं, हमारे क्षेत्र में इस तरह की यह पहली घटना है।″

फा. सुशील जोन सोरेंग तेजपुर धर्मप्रांत में भिरोबखुंद पल्ली के पल्ली पुरोहित हैं। उनपर आक्रमण उस समय हुआ जब 19 जून को संध्या समय छात्रवास में रात्रि प्रार्थना समाप्त करने के पश्चात् वे अपने आवास की ओर लौट रहे थे। आक्रमण में उन्होंने अपना सिर बचा लिया था किन्तु उनके दोनों हाथ बुरी तरह घायल हो गये थे।

धर्माध्यक्ष ने कहा, ″हम घटना का कारण नहीं जान पा रहे हैं।″ उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि आक्रमणकारी को तुरन्त गिरफ्तार किया जाए क्योंकि इस मामले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

उधर फा. सुशील के उनके स्वास्थ्य में सुधार होने के कारण उन्हें 22 जून को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है।

भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के महासचिव धर्माध्यक्ष थेओदोर मसकरेनहस ने घटना की आलोचना करते हुए कहा कि यह बड़े दुःख की बात है कि ईश्वर के एक व्यक्ति पर आक्रमण किया गया है।








All the contents on this site are copyrighted ©.