2016-06-22 14:34:00

असम के एक काथलिक पुरोहित पर हमला


भारत, बुधवार, 22 जून 2016 (ऊकान): असम के काथलिक पुरोहित सुशील जोन सोरेंग पर धारदार हथियार से किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानलेवा हमला किया जिसके कारण वे गंभीर रूप से घायल हो गये तथा उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।

फादर सुशील जोन सोरेंग असम के तेजपुर धर्मप्रांत के पुरोहित हैं तथा उनका जन्मस्थान भिक्खमपुर पल्ली में पड़ता है।

हिन्दूस्तान टाइम्स अनुसार फादर सुशील पर आक्रमण उस समय हुआ जब वे पल्ली के छात्रवास से रात्रि प्रार्थना के बाद पुरोहित आवास की ओर लौट रहे थे। इस समय उन्हें धर्मप्रांत के एक अस्पताल में भर्ती किया गया है।

तेजपुर धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष माननीय माईकेल अकासियुस टोप्पो ने कहा, ″एक अजनबी ने कुछ दूरी तक उनका पीछा करने के बाद, एक धारदार हथियार से उन पर हमला किया।″ 

उन्होंने बतलाया कि फादर सोरेंग के चिल्लाने की आवाज सुन हॉस्टेल के लड़के तथा स्टाफ उनकी मदद हेतु दौड़े जिसके कारण हमलावर वहाँ से भाग खड़ा हुआ।

जानकारी के अनुसार सिर को बचाने के क्रम में फादर के दोनों हाथ बुरी तरह घायल हो गये थे। अस्पताल लिये जाने के बाद हाथों का ऑपरेशन किया जा चुका है तथा उनकी स्थिति में सुधार हुई है।  








All the contents on this site are copyrighted ©.