2016-06-03 16:24:00

बाढ़ से 10 की मृत्यु के बाद फ्रांस द्वारा आपातकालीन स्थिति की घोषणा


वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 3 जून 2016 (सेदोक) फ्राँस के राष्ट्रपति फ्रॉस्वाँ ओलान्द ने देश में भारी वर्षा से बाढ़ के विकराल स्थिति को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को आपातकालीन स्थिति की घोषणा की है।

बाढ़ के कारण देश की राजधानी पेरिस में सभी मेट्रो लाईनो को बंद कर दिया गया है। सैनिकों ने बाढ़ के बढ़ते पानी से मोटर साइकिल चालकों को बचाया। लोभेरे म्युजियम के कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया गया है कि वे उसे बंद रखें।

संकट के साये में पेरिस के दक्षिणी पश्चिमी भाग में बुधवार को 86 वर्षीय एक वृद्ध महिला को उसके निवास स्थान में बाढ़ के कारण मृत पाया गया। बाढ़ के कारण कई नदियों के जलस्तर ने तटों को तोड़ दिया है। यूरोप विशेष कर, जर्मनी में कई लोगों के मारे जाने की खबर है।

जर्मनी के त्रीफतेरेन शहर स्थित बाभारिया प्रान्त में मकान जलमग्न हो गये हैं। पानी के कारण सड़कें अवरूद्ध हो गई हैं और बहुत से निवासियों को नावों और हेलीकॉप्टरों के द्वारा सुरक्षित स्थानों तक पहुँचया गया है। जर्मन पुलिस सूत्रों के अनुसार सबों को नहीं बचाया जा सका। उनकी खबरों के मुताबिक बाढ़ के बाद बाभारिया प्रान्त में करीब 50 लोगों के शव पाये गये हैं।

उधर बेल्जियम में भी चार दिनों की भारी वर्षा के कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। देश के पूर्वी भाग लिमबुर्ग और लीयेजे में वर्षा का जल स्तर बढ़ने के कारण लोगों को घरों से निकाल कर सुरक्षित स्थानों में पहुंचाया जा रहा है। लिमबुर्ग की सभी रेल सेवाएँ अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई हैं। नीदरलैण्ड में समुद्री तट जो समुद्र तल से नीचे हैं बाढ़ की चपेट में आ गये हैं। केन्द्रीय और पूर्वी यूरोप में भी भारी वर्षा के कारण सड़कें और शहर प्रभावित हो गये हैं।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह ग्लोबल वॉर्मिंग का परिणाम है। यूरोप को और भी मुसीबतों का समाना करना पड़ सकता है। आने वाले सप्ताह में फ्राँस और यूक्रेन में करीब 50 मिली मीटर तक वर्षा होने की संभावना जाहिर की गई है। 

Fr. Sanjay SJ








All the contents on this site are copyrighted ©.