2016-05-10 10:38:00

ओडिशाः ईसाई पादरी की हत्या, शव पुल के नीचे


राऊलकेला, मंगलवार, 10 मई 2016 (एशियान्यूज़): झारखण्ड के खुन्टी स्थित एवेन्जेलिकल लूथरन ख्रीस्तीय गिरजाघर के पादरी अब्राहम बिसवास सुरीन का मृत शरीर ओडिशा राज्य में पाया गया। उनके शरीर पर कई घाव थे तथा गला कटा हुआ था।

समाचारों के अनुसार, 64 वर्षीय आदिवासी पादरी अब्राहम बिसवास सुरीन, 05 मई को झारखण्ड के राँची में एक बैठक में भाग लेने गये थे किन्तु इसके दूसरे दिन उनका मृत शरीर ओडिशा में पाया गया।

जाँचकर्त्ताओं ने डकैती को हत्या का कारण मानने से इनकार कर दिया है क्योंकि पादरी की व्यक्तिगत चीज़ें सभी ज्यों कि त्यों पाई गई हैं।

ग्लोबल काऊन्सल ऑफ इन्डियन क्रिस्टियन्स संगठन के अध्यक्ष डॉ. साजन के. जॉर्ज ने एशियान्यूज़ से कहा, पादरी अब्राहम सुरीन की हत्या एक रहस्य है। उनका गला कटा हुआ पाया गया और उनके सिर एवं पेट में कई घाव पाये गये। उन्होंने कहा, हम अवश्य ही उनके लिये तथा उनके शोकाकुल परिवार के लिये प्रार्थना करेंगे।

राँची के सहयोगी धर्माध्यक्ष थेओडोर मासकारेनस ने इस हत्या की निन्दा की है। उन्होंने कहा, "हिंसा का कोई भी कृत्य निन्दनीय है किन्तु जब किसी धार्मिक नेता पर हिंसा ढाई जाती है तो यह और भी निन्दीय बन जाती है।"  

राँची में गॉस्नर लूथरन एवेन्जेलिकल चर्च के सचिव एलिआज़ार टोपनो ने कहा, "हम इस हत्या से स्तब्ध हैं। हमने लूथरन एवेन्जेलिकल चर्च के अधिकारियों से कहा है कि वे हत्या के मामले को ओडिशा पुलिस तथा ओडिशा सरकार तक ले जायें।" उन्होंने कहा, "मैं हैरान हूँ क्योंकि राँची में किसी प्रकार की बैठक तय नहीं थी, जिसका ज़िक्र समाचारों में किया जा रहा है।"

उन्होंने कहा कि पादरी ने अपने परिजनों से कहा था कि वे एक बैठक में भाग लेने राँची जा रहे थे जबकि उनका मृत शव दूसरे दिन ओडिशा के राऊलकेला में पाया गया जो राँची से लगभग ढाई सौ किलो मीटर दूर है।

पुलिस ने मृत शव के पास ही एक कुल्हाड़ी पाई जिससे पादरी की हत्या की गई थी। पादरी की व्यक्तिगत चीज़े जैसे बटुआ, घड़ी तथा मोबाईल फोन भी पुलिस को मिला है।








All the contents on this site are copyrighted ©.