2016-05-04 11:08:00

सन्त पापा फ्राँसिस को दिया जायेगा अन्तरराष्ट्रीय कार्लो मान्यो पुरस्कार


वाटिकन सिटी, बुधवार, 4 मई 2016 (सेदोक): वाटिकन में आयोजित एक समारोह में शुक्रवार, 06 मई को सन्त पापा फ्राँसिस को अन्तरराष्ट्रीय कार्लो मान्यो पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा।

वाटिकन द्वारा मंगलवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि इस पुरस्कार की प्रस्तावना यूरोपीय संसद के अध्यक्ष मार्टिन शुल्ज़, यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष जाँ क्लाऊडे यून्कर तथा यूरोपीय समिति के अध्यक्ष डॉनल्ड ट्स्क द्वारा की जायेगी।

पुरस्कार समारोह से एक दिन पहले यूरोप के उक्त तीनों अध्यक्ष यूरोपीय संघ की स्थिति पर एक गोल मेज़ सम्मेलन में विचार-विमर्श करेंगे जिसमें इटली के प्रधान मंत्री मात्तओ रेन्सी भी भाग लेंगे।       

अन्तरराष्ट्रीय कार्लो मान्यो पुरस्कार प्रति वर्ष यूरोप के एकीकरण एवं यूरोपीय एकता के पक्ष में सम्पन्न कार्यों के लिये दिया जाता है। फ्राँस के सम्राट कार्लो मान्यो को उनके युग के "यूरोप के पितामह" माना जाता है। यूरोपीय संसद के अध्यक्ष मार्टिन शुल्ज़ 2015 में इस पुरस्कार से नवाज़े गये थे।   

सन्त पापा फ्राँसिस को 2016 के अन्तरराष्ट्रीय कार्लो मान्यो पुरस्कार से सम्मानित किये जाने की घोषणा विगत 23 दिसम्बर को जर्मनी के आक्विसग्राना में की गई थी। सन् 2014 में यूरोपीय संसद को सम्बोधित सन्त पापा के शब्दों को उद्धृत कर पुरस्कार समिति ने "शांति एवं समझदारी" के पक्ष में सन्त पापा फ्राँसिस के सन्देश की प्रशंसा की है तथा "करुणा, दया, सहिष्णुता, एकात्मता तथा अखण्डता" को उनके परमाध्यक्षीय काल की विशिष्ठताएँ निरूपित किया है। समिति ने कहा, "इस युग में जब यूरोप के अधिकांश नागरिक मार्गदर्शन खोज रहे हैं, सन्त पापा फ्राँसिस प्रेम एवं प्रोत्साहन का सन्देश दे रहे हैं।"








All the contents on this site are copyrighted ©.