2016-03-23 12:13:00

मुम्बई के ख्रीस्तीयों का शांति मार्च


मुम्बई, बुधवार, 23 मार्च 2016 (ऊका समाचार): मुम्बई के मरियन सेवा संघ (एम.एस.एस.) ने खजूर रविवार की पूर्वसन्ध्या, शनिवार, 19 मार्च को, ख्रीस्तीयों के शांति मार्च का आयोजन किया जिसमें हज़ारों ख्रीस्तीय धर्मानुयायों ने भाग लिया।

(एम.एस.एस.) के सदस्य लारसन फेरनानडेज़ ने बताया कि विगत 28 वर्षों से, प्रतिवर्ष, चालीसाकाल के दौरान शांति मार्च का आयोजन किया जाता रहा है किन्तु अन्य वर्षों के मुकाबले इस वर्ष अधिक संख्या में ख्रीस्तीय धर्मानुयायी इस मार्च में उपस्थित हुए।

उन्होंने कहा कि शांति मार्च का उद्देश्य मुम्बई के लोगों के बीच शांति एवं मैत्री का प्रसार करना है।

फरनानडेज़ ने बताया कि रात्रि के दस बजे शांति मार्च मुम्बई के क्रॉस मैदान से शुरु होता है तथा विभिन्न मुकामों पर जैसे मरीन लाईन्स रेलवे स्टेशन, हाज़ी अली मस्जिद, सालवेश्न चर्च, सेंट माईकिल गिरजाघर आदि से होते हुए बान्द्रा स्थित माऊन्ट कारमेल महागिरजाघर में समाप्त होता है। शांति मार्च के दौरान प्रार्थनाएँ अर्पित की जाती हैं तथा भक्तिगीत गाये जाते हैं।

महाराष्ट्र क्रिस्टियन युवा मंच के अध्यक्ष एगनेलो फेरनानडेज़ ने कहा, "शांति मार्च में बच्चे, युवा, वयस्क एवं वयोवृद्ध सभी भाग लेते हैं। अनेक लोग मार्च के दौरान जल आपूर्ति, मोबाईल शौचालयों एवं एम्ब्यूलेन्सेस गाड़ियों की व्यवस्था कर मदद देते हैं। रात्रि को दस बजे आरम्भ होनेवाला यह मार्च, प्रातः ख्रीस्तयाग अर्पण से सम्पन्न होता है। इस वर्ष के मार्च का नेतृत्व धर्माध्यक्ष दोमनिक सावयो ने किया तथा समापन ख्रीस्तयाग धर्माध्यक्ष बॉस्को पेन्हा द्वारा अर्पित किया गया।"

शांति मार्च में भाग लेनेवाली जूडिथ मोन्टेरो ने कहा, "चालीसाकाल प्रभु येसु के बलिदान को याद करने तथा प्रार्थना करने का उपयुक्त समय है।"  








All the contents on this site are copyrighted ©.