2016-03-08 11:45:00

भय ईश्वर की ग़लत छवि की उपज है, फादर ऱॉन्की


वाटिकन सिटी, मंगलवार, 8 मार्च 2016 (सेदोक): "ईश्वर की ग़लत छवि मन में होने के कारण भय उत्पन्न होता है। उसी प्रकार जैसे आदम और हेवा ईश्वर से डरते थे क्योंकि उनका विचार था कि ईश्वर देनेवाले नहीं अपितु छीनने वाले हैं।" इटली के अरिच्चिया नगर में सन्त पापा फ्राँसिस एवं परमधर्मपीठीय रोमी कार्यालय के धर्माधिकारियों की आध्यात्मिक साधना का नेतृत्व कर रहे, मरियम सेवक नामक धर्मसमाज के पुरोहित, फादर एरमेस रॉन्की ने आध्यात्मिक साधना के दूसरे दिन सन्त मारकुस रचित सुसमाचार पाठ पर चिन्तन करते हुए उक्त शब्द कहे।

मारकुस रचित सुसमाचार के चौथे अध्याय के अनुसार प्रभु येसु अपने शिष्यों से कहते हैं, "तुम भयभीत क्यों हो, क्या तुम्हें अब तक विश्वास नहीं है।" येसु के इस वाक्य पर चिन्तन कर फादर रॉन्की ने भय और विश्वास के बीच सम्बन्ध पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "भय और विश्वास दो विरोधी शब्द हैं जिनके बीच मानव मन में अनवरत प्रतिस्पर्धा बनी रहती है। एक छोर से दूसरे छोर तक बाईबिल में निहित ईश वचन मन को सान्तवना देता और निरन्तर उससे कहा करता है, "डरो मत!"

उन्होंने इस तथ्य को रेखांकित किया कि भय साहस की कमी नहीं है अपितु भय विश्वास के अभाव की उपज है। हम ईश्वर से भय खाते हैं क्योंकि हमारे मन में ईश्वर की ग़लत छवि अंकित है। उन्होंने कहा, "हमारा विश्वास है कि मुक्ति दिलाने के बजाय ईश्वर स्वतंत्रता छीननेवाले हैं, हम सोचते हैं कि ईश्वर को अपनी सन्तान की खुशी से अधिक अपना न्याय और कानून प्रिय है।" उन्होंने कहा, "ईश्वर की इसी ग़लत छवि के कारण हम भयभीत होते हैं। आदिपाप भी विश्वास के विरुद्ध पाप था। पाप करने के बाद आदम का हृदय ईश्वर के कोप के भय से भर उठा था।"  

फादर रॉन्की ने कहा कि हम तूफान से डर कर ईश्वर से प्रार्थना करते हैं किन्तु जब हमारी प्रार्थना नहीं सुनी जाती तब कहते हैं कि ईश्वर सो रहे हैं, वे हमारी सुधि नहीं लेते जबकि "ईश्वर तूफानों से हमें नहीं बचाते अपितु तूफानों के बीच हमें समर्थन देते हैं।" बॉनहोफर के शब्दों को उद्धृत कर उन्होंने कहा, "ईश्वर पीड़ा से हमें नहीं बचाते अपितु पीड़ा में हमारे साथ रहते हैं। ईश्वर हमारी समस्याओं का समाधार लेकर नहीं आते अपितु स्वतः को हमारे लिये अर्पित कर देते हैं।" उन्होंने कहा, "प्रभु ख्रीस्त हमें सिखाते हैं कि भय पर विजय पाने का एक ही रास्ता है और वह है विश्वास, ईश्वर में विश्वास।"








All the contents on this site are copyrighted ©.