2016-03-08 11:41:00

पुण्य सप्ताह के लिये सन्त पापा फ्राँसिस का कार्यक्रम प्रकाशित


वाटिकन सिटी, मंगलवार, 8 मार्च 2016 (सेदोक): वाटिकन ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति प्रकाशित कर पास्का महापर्व से पूर्व पड़नेवाले पुण्य सप्ताह के लिये निर्धारित सन्त पापा फ्राँसिस के कार्यक्रमों की प्रकाशना कर दी। 

प्रकाशित कार्यक्रम के अनुसार, रविवार, 20 मार्च को येसु के दुखभोग को समर्पित खजूर रविवार है। इस दिन प्रातः साढ़े नौ बजे, सन्त पापा, वाटिकन स्थित सन्त पेत्रुस महागिरजाघर में खजूरों पर आशीष की धर्मविधि सम्पन्न कर ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे। खजूर रविवार के दिन ही 31 वाँ विश्व युवा दिवस भी विश्व के सभी धर्मप्रान्तों में मनाया जा रहा है जिसका शीर्षक है: "धन्य हैं जो दयावान हैं क्योंकि उन पर दया की जायेगी।"

खजूर रविवार के बाद पड़नेवाला गुरुवार पुण्य बृहस्पतिवार है। इन दिन प्रातः साढ़े नौ बजे, सन्त पापा, सन्त पेत्रुस महागिरजाघर में करिशमाई याग अर्पित कर तेलों पर आशीष देंगे।

पुण्य शुक्रवार यानि गुड फ्राईडे को, काथलिक कलीसिया के परमाध्यक्ष, सन्त पेत्रुस महागिरजाघर में सन्ध्या पाँच बजे, येसु के दुखभोग के स्मरणार्थ, ईश वचन की धर्मविधि, क्रूस की आराधना एवं यूखारिस्त की धर्मविधि का नेतृत्व करेंगे। इसी दिन रात्रि सवा नौ बजे सन्त पापा फ्राँसिस रोम के ऐतिहासिक स्मारक कोलोसेऊम में पवित्र क्रूस मार्ग की विनती का पाठ करेंगे।

पुण्य शनिवार की सन्ध्या सन्त पापा येसु के पुनःरुत्थान के उपलक्ष्य में रात्रि जागरण का नेतृत्व करेंगे तथा रविवार 27 मार्च को पास्का महापर्व के उपलक्ष्य में सन्त पेत्रुस महागिरजाघर के प्राँगण में, प्रातः दस बजे ख्रीस्तयाग अर्पित कर, रोम शहर एवं सम्पूर्ण विश्व के नाम अपना पास्का सन्देश जारी करेंगे। 








All the contents on this site are copyrighted ©.