2016-01-05 12:15:00

06 जनवरी से सन्त पापा की मासिक प्रार्थनाएँ विडियो पर


वाटिकन सिटी, मंगलवार, 5 जनवरी 2016 (सेदोक): विश्वव्यापी प्रार्थना प्रेरिताई की एक नई पहल के तहत बुधवार, 06 जनवरी से सन्त पापा फ्राँसिस के मासिक प्रार्थना मनोरथ विडियो पर उपलब्ध होंगे।

इन विडियो सन्देशों का उद्देश्य सम्पूर्ण विश्व के लोगों को सन्त पापा के साथ प्रति माह प्रार्थना करने के लिये प्रोत्साहित करना है। पहला विडियो सन्देश जनवरी 2016 के लिये रचित प्रार्थना मनोरथ होगा। इसमें याचना की गई है कि विभिन्न धर्मों के स्त्री पुरुषों के बीच निष्कपट और सच्ची वार्ता शांति एवं न्याय के फल उत्पन्न करे।  

प्रार्थनाओं के विडियो सन्देश सम्प्रेषण माध्यम एजेन्सी "ला माखी" के सहयोग से वाटिकन टेलिविज़न केन्द्र द्वारा अँग्रेज़ी, इताली, स्पानी, पुर्तगाली एवं फ्रेंच सहित 10 भाषाओं में तैयार किये जायेंगे तथा यू ट्यूब के साथ-साथ फेसबुक, ट्वीटर, इन्सटेग्राम जैसे अन्य सामाजिक मीडिया द्वारा प्रसारित किये जायेंगे।

अन्तरराष्ट्रीय प्रार्थना प्रेरिताई के निर्देशक येसु धर्मसमाजी पुरोहित फादर फेडरिक फोरनोस ने इस विषय में वाटिकन रेडियो से कहा कि प्रार्थना प्रेरिताई द्वारा कलीसिया के परमाध्यक्ष के मनोरथों के लिये प्रार्थना की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रार्थना प्रेरिताई मानवजाति के समक्ष प्रस्तुत चुनौतियों तथा कलीसिया के मिशन के लिये प्रभु ईश्वर से याचना है। इन प्रार्थनाओं का उद्देश्य विश्व के लोगों में शांति, न्याय, एकात्मता, करुणा, सहिष्णुता, वार्ता, भ्रातृत्व एवं मैत्री को प्रोत्साहन देना है।

प्रार्थना प्रेरिताई सन् 1844 ई. में फ्राँस के येसु धर्मसमाजी गुरुकुल छात्रों द्वारा आरम्भ की गई थी।








All the contents on this site are copyrighted ©.