2015-12-22 14:32:00

इंडोनेशिया में क्रिसमस मनाने हेतु सुरक्षा कड़ी


जकार्ता, मंगलवार, 22 दिसम्बर 2015 (ऊकान): इंडोनेशिया ने ख्रीस्त जयन्ती मनाने के लिए सुरक्षा कड़ी कर दी है। उन्होंने गिरजाघरों के आस-पास हज़ारों सुरक्षा कर्मियों को तैनात कर दिया है।

राष्ट्रीय पुलिस प्रवक्ता अगुस रियन्तो ने ऊका समाचार से कहा, ″देश भर के 34,000 ख्रीस्तीय गिरजाघरों की रक्षा हेतु 1,50,000 पुलिस, मिलीटरी तथा सुरक्षा कर्मी तैनात किये जायेंगे। ‘कैंडल ऑपरेशन’ के लेबल वाले इन सुरक्षा कमिर्यों को 24 दिसम्बर से 2 जनवरी तक रखा जाएगा।″

रियन्तो ने इंडोनेशिया के लोगों से अपील की है कि वे अधिकारियों को ख्रीस्त जयन्ती के माहौल को शांतिपूर्ण बनाये रखने हेतु सहयोग दें तथा किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरन्त उन्हें दें।

पुलिस प्रमुख जेन बाद्रोदीन हैटी ने कहा कि 18 से 20 दिसम्बर के बीच आतंकवाद निरोधक दस्ते ने नौ संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है जो ख्रीस्त जयन्ती के समय आक्रमण करने की योजना बना रहे थे।

इंडोनेशिया के धर्माध्यक्ष हुबेरतुस ने ऊका समाचार से कहा कि उनके आस-पास सुरक्षा व्यवस्था सामान्य है। उन्होंने कहा, ″अब तक यहाँ भय की स्थिति नहीं है किन्तु हम आशा करते हैं कि पुलिस आशावादी बनकर अपना कार्य जारी रखें ताकि ख्रीस्तीय शांतिपूर्ण वातावरण में क्रिसमस मना सकें।″  

फादर योहानेस जोंगा ने आशा व्यक्ति की है कि पूजा स्थलों में सुरक्षा सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने कहा, ″विगत पाँच सालों में हमने शांतिपूर्वक ख्रीस्त जयन्ती मनाया है हमें आशा है कि उसी माहौल में इस बार भी क्रिसमस मना पायेंगे।″  

विदित हो कि वर्ष 2000 में अल कायदा द्वारा कई गिरजाघरों में बम गिराये गये थे जिसमें 16 लोगों की मौत हो गयी थी तथा 96 लोग घायल हो गये थे। 








All the contents on this site are copyrighted ©.