2015-11-24 12:07:00

बच्चों के पत्रों पर सन्त पापा फ्राँसिस के जवाबों पर प्रकाशित होगी पुस्तक


वाटिकन सिटी, मंगलवार, 24 नवम्बर 2015 (सेदोक): सम्पूर्ण विश्व के बच्चों द्वारा सन्त पापा फ्राँसिस को लिखे पत्रों के जवाबों पर एक पुस्तक का प्रकाशन किया जायेगा।   

अमरीका स्थित शिकागो का लोयोला प्रेस "कारो पापा फ्राँचेस्को वोर्रै फारे मेरेन्दा कॉन ते" अर्थात् प्रिय सन्त पापा मैं आपके साथ नाश्ता करना चाहता हूँ शीर्षक से जल्द ही एक पुस्तक का प्रकाशन करेगा। इस पुस्तक में सम्पूर्ण विश्व के बच्चों द्वारा सन्त पापा को लिखे ख़तों का जवाब दिया गया है। पुस्तक अनुमानतः मार्च सन् 2016 तक तैयार हो जायेगी।

इस पुस्तक का संकलन एवं सम्पादन येसु धर्मसमाजी पुरोहित फादर अन्तोनियो स्पादारो एवं फादर टॉम ग्रैथ कर रहे हैं। इसमें 6 वर्ष से लेकर 13 वर्ष की आयु वाले 31 बच्चों के पत्र एवं सन्त पापा द्वारा दिये गये उनके जवाब संकलित होंगे।

सर्वप्रथम इस पुस्तक का विमोचन अमरीका में अँग्रेज़ी एवं स्पानी भाषा में किया जायेगा। बाद यह इटली, स्पेन, मेक्सिको, पोलैण्ड, इन्डेनेशिया, फिलीपिन्स तथा भारत में भी प्रकाशित एवं वितरित की जायेगी। इसमें विश्व के छः महाद्वीप तथा अलबानिया, सिरिया, चीन, केनिया तथा संयुक्त राज्य अमरीका सहित 26 देशों के बच्चों के पत्र शामिल हैं।

अपने ख़तों में बच्चों ने सन्त पापा के प्रति महान स्नेह प्रदर्शित किया है तथा उनकी दिनचर्या के बारे में प्रश्न किये हैं। साथ ही इस लोक के बाद परलोक के बारे में उनकी उत्कंठाओं को जानने की उत्सुकता दिखाई है। इसके अतिरिक्त, पुस्तक में बच्चों ने परिवार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए  माता पिता एवं अभिभावकों द्वारा सुनें जाने की इच्छा व्यक्त की है।

वाटिकन द्वारा प्रकाशित एक विज्ञप्ति में कहा गया कि सन्त पापा द्वारा दिये गये जवाबों में उनके इस विश्वास की ठोस प्रकाशना हुई है कि बच्चे हमारा भविष्य हैं जिनकी बातों पर कान देना अनिवार्य है।     








All the contents on this site are copyrighted ©.