2015-11-24 12:21:00

जयन्ती वर्ष के लिये इताली सुरक्षा व्यवस्था सक्षम, फादर लोमबारदी


वाटिकन सिटी, मंगलवार, 24 नवम्बर 2015 (सेदोक): वाटिकन प्रेस के निर्देशक एवं वाटिकन के प्रवक्ता फादर फेरदरीको लोमबारदी ने सोमवार को कहा कि उनका विश्वास है कि इताली सुरक्षा व्यवस्था करुणा को समर्पित जयन्ती वर्ष के दौरान रोम तथा सन्त पेत्रुस महागिरजाघर के इर्द-गिर्द सुरक्षा को सुनिश्चित कर सकेगी।

उन्होंने कहा, "वाटिकन की ओर से जयन्ती वर्ष के दौरान सुरक्षा सघन करने हेतु कोई विशिष्ट मांग नहीं की गई है। यह इताली अधिकारियों पर निर्भर करेगा कि किस तरह वे स्थिति को परखते हैं।"   

फादर लोमबारदी सोमवार को रोम के पालात्सो वालेनतीनी में आयोजित एक प्रेस सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। वाटिकन रेडियो, आवागमन हेतु रोम की सेवाएँ, इताली इन्फोमोबिलीती संगठन तथा इताली रेलवे के तत्वाधान  "इन्फो जुबीली" शीर्षक से उक्त प्रेस सम्मेलन का आयोजन किया गया था।

इन सेवाओं के मध्य सहयोग और समन्वय के अन्तर्गत रेडियो प्रसारणों, रेलवे स्टेशनों पर घोषणाओं, सड़कों पर ट्रेफिक आदि विषयक ऑन लाईन सर्विस तथा तीर्थयात्रियों की मदद हेतु स्वयंसेवियों की सेवाएँ आती हैं।

रोम के प्रशासक फ्राँको गाब्रियेली ने भी इस प्रेस सम्मेलन में पत्रकारों को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि पेरिस में आतंकवादी हमला होने से पहले ही इताली अधिकारियों ने जयन्ती वर्ष के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सघन करने का प्रण कर लिया था। उन्होंने कहा कि अधिक सैनिकों को तैनात करना हमारा काम नहीं होगा किन्तु सम्भावित ख़तरों का पता लगाकर उन्हें हटाना महत्वपूर्ण कार्य होगा।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से पास्का महापर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी जायेगी क्योंकि इन्हीं दिनों में स्कूलों के बच्चे एवं अधिकाधिक तीर्थयात्री रोम की यात्रा करते हैं।

इसी बीच, फादर लोमबारदी ने यह भी स्पष्ट किया कि जयन्ती वर्ष केवल रोम में ही नहीं अपितु सम्पूर्ण विश्व में स्थानीय कलीसियाओं द्वारा भी मनाया जा रहा है।








All the contents on this site are copyrighted ©.