2015-11-19 13:09:00

बंगला देश में इतालवी पुरोहित पर प्राणघातक हमला


बंगला देश, बृहस्पतिवार, 19 नवम्बर 2015, (ऊकान्यूज) परमधर्मपीठीय विदेशी प्रेरिताई कार्य के 64 वर्षीय इतालवी  काथलिक पुरोहित पारोलारी पियेत्रो की बगला देश में तीन हत्यारों ने 18 नवम्बर को दिनाजपुर में प्राणघातक हमला किया।

ज्ञात हो कि इतालवी पुरोहित पियेत्रो 30 वर्षों से अधिक बगला देश में रहकर एक पेशेवर चिकित्सक की सेवा दे रहे थे। वर्तमान में वह कलीसिया द्वारा संचालित संत विनसेन्ट अस्पताल में में एक डॉक्टर के रूप में कार्य कर रहे थे और येसु के पवित्र हृदय पल्ली में सहायक पल्ली पुरोहित के रूप कार्यरत थे।

स्थानीय पुरोहित विद्या पौल बोरमोन ने बतलाया कि वे अपने निवास स्थान से अस्पताल की ओर जा रहे थे कि तीन अज्ञात हत्यारों ने पीछे से उन्हें गोली मार दी। स्थानीय लोगों ने घायल पुरोहित को दीनाजपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचाया जहाँ शरीर से गोलियों निकाली गयीं। मेडिकल कॉलेज के सह-प्राचार्य ने कहा, पुरोहित के सिर और गले में जख्म हैं और दो दिनों के बाद ही हम यह बतला सकते हैं कि उनकी स्थिति खतरे से बाहर है या नहीं।  

दीनाजपुर के धर्माध्यक्ष सेबातियन टुडु ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि सरकार काथलिकों को सुरक्षा मुहैया करा रही है इसके बावजूद ऐसी घटनाएं हो रहीं हैं। विदित हो की मुस्लिम बहुल बंगला देश में कार्यरत विदेशी मिशनरियों के साथ हाल के दिनों में यह तीसरी अप्रिय घटना घटी है। इसके पहले 28 सितम्बर को एक अन्य इतालवी कार्यकर्ता की हत्या ढाका में कर दी गई थी जबकि 03 अक्तूबर को उत्तरी रंगापुर जिले में एक जापनी व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।








All the contents on this site are copyrighted ©.