2015-10-07 12:17:00

धर्मान्तरण के आरोप में पुलिस ने किया तीन पादरियों को गिरफ्तार


भोपाल, बुधवार, 7 अक्टूबर 2015 (ऊका समाचार): मध्यप्रदेश के तीन ख्रीस्तीय पादरियों पर उग्रवादियों की एक भीड़ के हमले के बाद पुलिस ने पादरियों को धर्मान्तरण के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

तीन अक्टूबर को पादरियों पर हुए हमले और उसके बाद हुई उनकी गिरफ्तारी को ख्रीस्तीय नेताओं ने धार्मिक स्वतंत्रता पर प्रहार निरूपित किया है।

मध्यप्रदेश के मझगवान नगर में गॉस्पल ईकोइंग सोसायटी के पादरियों पर उस समय हमला किया गया जब वे प्रभु येसु मसीह पर एक फिल्म का प्रदर्शन कर रहे थे।

तमिल नाड के पादरी स्टीवन राजकुमार, मध्यप्रदेश के हरिलाल तथा उत्तरप्रदेश के अनिल कुमार को बाद में ज़मानत पर रिहा कर दिया गया था।

पुलिस का कहना है कि अवैध धर्मान्तरण की शिकायतें मिलने के बाद पादरियों को गिरफ्तार किया गया था। उनपर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने एवं लोगों को डराने धमकाने का भी आरोप लगाया गया था।

पुलिस के अनुसार शिकायत करनेवाले व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसे ख्रीस्तीय धर्म अपनाने के लिये 5000 रुपये का लालच दिया गया था।

पादरी रीतेश जेम्स ने इस आरोप को सरासर ग़लत एवं झूठा बताते हुए कहा है कि गिरफ्तारी अवैध थी जिसका मकसद ख्रीस्तीयों को निशाना बनाना था। उन्होंने कहा कि यह अत्यधिक गम्भीर बात है कि ख्रीस्तीय धर्मानुयायियों को बेवजह सताया जा रहा है।   








All the contents on this site are copyrighted ©.