2015-10-02 14:23:00

विश्व धर्माध्यक्षीय धर्मसभा के कार्यक्रमों की जानकारी


वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 2 अक्तूबर 2015 (वीआर सेदोक): वाटिकन में 4 से 25 अकटूबर तक चलने वाली परिवार पर विश्व धर्माध्यक्षीय धर्मसभा के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रकाशित कर दी गयी है।

शुक्रवार को वाटिकन के प्रेस सम्मेलन में सिनॉड के महासचिव कार्डिनल बल्दिसेरी ने आगामी सिनॉड की जानकारी प्रस्तुत करते हुए कहा कि सिनॉड की तैयारी हेतु शनिवार संध्या को संत पेत्रुस महागिरजाघर के प्रांगण में जागरण प्रार्थना की जायगी जिसमें सिनॉड के सभी सदस्य भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि रविवार को युखरिस्त बलिदान के साथ सिनॉड का शुभारम्भ हो जाएगा।

सिनॉड की विषय वस्तु है, ″कलीसिया एवं समकालीन विश्व में परिवार की बुलाहट एवं प्रेरिताई।″

कार्डिनल ने कहा कि परिवार पर आयोजित यह विश्व धर्माध्यक्षीय धर्मसभा दो वर्षों की यात्रा की पराकाष्ठा है जिसकी तैयारी में सर्वप्रथम स्थानीय कलीसियाओं को प्रश्नावली भेजी गयी थी जिसके द्वारा विश्वभर के परिवारों का मूल्यांकन करने का प्रयास किया गया। तैयारी के तौर पर दूसरी महत्वपूर्ण घटना थी असाधारण विश्व धर्माध्यक्षीय धर्मसभा का आयोजन।

सिनॉड में कुल 270 प्रतिभागी होंगे जो तीन श्रेणियों में विभक्त होंगे जिनमें 42 पदेन सदस्यायें, 183 चयनित तथा 45 मनोनीत सदस्य हैं। कुल प्रतिभागियों में से 74 कार्डिनल, 6 प्राधिधर्माध्यक्ष, 72 महाधर्माध्यक्ष, 102 धर्माध्यक्ष, 2 पल्ली पुरोहित तथा 13 धर्मसमाजी हैं। इनके अलावा सिनॉड में कुछ असाधारण सदस्य भी शामिल होंगे।

उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि सिनॉड की 50 वीं वर्षगाँठ पर 17 अक्टूबर को पौल षष्ठम सभागार में जयन्ती समारोह मनाया जाएगा तथा 18 अक्टूबर को संत पेत्रुस महागिरजाघर के प्राँगण में येसु की छोटी संत तेरेसा के पिता धन्य लुईस मार्टिन तथा माता मरिया अज़ेलिया ग्वेरिन की संत घोषणा की जायेगी। 








All the contents on this site are copyrighted ©.