2015-09-25 13:18:00

आवास के अभाव का कोई औचित्य नहीं, सन्त पापा फ्राँसिस


वाशिंगटन, शुक्रवार, 25 सितम्बर 2015 (सेदोक): सन्त पापा फ्राँसिस ने कहा है कि आवास के अभाव का कोई औचित्य नहीं है, हर किसी व्यक्ति को छत का अधिकार है। 

वाशिंगटन में गुरुवार को संयुक्त राज्य अमरीका के काँग्रेस के समक्ष जलवायु परिवर्तन, सामाजिक असमानता, मानव जीवन की पवित्रता तथा अस्त्र व्यापार और युद्ध से उत्पन्न आप्रवास एवं शरणार्थी समस्या आदि महत्वपूर्ण विषयों पर अपना ऐतिहासिक प्रभाषण करने के उपरान्त सन्त पापा फ्राँसिस शहर के सेन्ट पैट्रिक पल्ली गिरजाघर गये।

सन्त पापा फ्राँसिस इस समय संयुक्त राज्य अमरीका की छः दिवसीय यात्रा पर हैं। यह यात्रा 19 सितम्बर को क्यूबा में तथा 22 सितम्बर को संयुक्त राज्य अमरीका में शुरु हुई थी।

गुरुवार को सेन्ट पैट्रिक गिरजाघर में लगभग 200 बेघर लोगों ने सन्त पापा का साक्षात्कार कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसी अवसर पर सन्त पापा ने बेघर लोगों के लिये उक्त पल्ली द्वारा संचालित भोजनालय पर भी आशीष दी।

वाशिंगटन के सेन्ट पैट्रिक गिरजाघर से संलग्न कल्याण केन्द्र में प्रतिदिन कई निम्न आय वाले तथा बेघर लोग भोजन करने आते हैं। भोजन के लिये लगी कतार से पास से गुज़रते हुए गुरुवार को सन्त पापा ने कई लोगों से हाथ मिलाया। इस अवसर पर बेघर एवं क्षुधा पीड़ितों के अतिरिक्त सन्त पापा के इर्द गिर्द अनेक सुरक्षा गार्ड एवं कई फोटोग्राफर्स को भी देखा गया।








All the contents on this site are copyrighted ©.