2015-08-26 12:13:00

वाराणसीः नये धर्माध्यक्ष यूजीन जोसफ़ का अभिषेक


वाराणसी, बुधवार, 26 अगस्त 2015 (सेदोक): वाराणसी के गिरजाघर में, सोमवार 24 अगस्त को फादर यूजीन जोसफ़ का धर्माध्यक्षीय अभिषेक सम्पन्न हुआ।

भारत में परमधर्मपीठ के राजदूत महाधर्माध्यक्ष साल्वातोर पेन्नाखियो, मुम्बई के कार्डिनल ऑसवल्ड ग्रेशियस तथा आगरा के महाधर्माध्यक्ष आलबर्ट डिसूज़ा ने धर्माध्यक्षीय अभिषेक समारोह का नेतृत्व किया।

अपने धर्माध्यक्षीय अभिषेक के उपरान्त धर्माध्यक्ष यूजीन जोसफ़ ने कहा, "बहिष्कार एवं असमानता की नित्य बढ़ती संस्कृति के मद्देनज़र मानव जीवन के मूल्यों की सुरक्षा की नितान्त आवश्यकता है।" उन्होंने कहा, "हमें कमज़ोर एवं सुरक्षाविहिन की पुकार को सुनना चाहिये।"

उन्होंने आशा व्यक्त की कि अधिकाधिक पुरोहित एवं धर्मसंघी इस महान कार्य में योगदान के लिये तैयार होंगे तथा ज़रूरतमन्दों एवं धरती की रक्षा कर प्रभु ईश्वर के प्रेम की प्रकाशना करेंगे। 

24 अगस्त को आयोजित धर्माध्यक्षीय अभिषेक समारोह में लगभग 30 धर्मप्रन्तों के धर्माध्यक्षों, कई पुरोहितों, धर्मबहनों एवं लोकधर्मियों ने भाग लिया।

धर्माध्यक्ष यूजीन जोसफ़ वाराणसी के पूर्व धर्माध्यक्ष रफ़ी मंजली के उत्तराधिकारी होंगे। धर्माध्यक्ष रफ़ी मंजली का स्थानान्तरण इलाहबाद कर दिया गया है।

धर्माध्यक्ष यूजीन जोसफ सन् 2013 से वाराणसी धर्मप्रान्त के प्रेरितिक प्रशासक पद पर कार्य करते रहे थे। आपका जन्म मदुरई में 18 अक्टूबर सन् 1958 ई. को हुआ था। वाराणसी धर्मप्रान्त में 10 अप्रैल सन् 1985 ई. को आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे।    








All the contents on this site are copyrighted ©.