2015-08-22 12:20:00

आईएस के आतंकवादियों ने सिरिया के प्राचीन मठ को किया ध्वस्त


दमिश्क, सिरिया, शनिवार, 22 अगस्त 2015 (एशियान्यूज़): सिरिया के होम्स प्रान्त में आल-क्वार्यातान नगर में, इस्लामिक स्टेट आईएस आतंकवादी संगठन ने, मार एलियन यानि सन्त एलियन को समर्पित 1,600 वर्ष प्राचीन काथलिक गिरजाघर एवं मठ को बुलडोज़र के जरिये नष्ट कर दिया है।

शुक्रवार 21 अगस्त को आईएस आतंकवादी संगठन की सोशल मीडिया साईट्स पर पाँचवी शताब्दी के इस गिरजाघर और मठ को नष्ट करने की तस्वीरें प्रकाशित की गई। एक तस्वीर में मठ पर बुलडोज़र चलते तथा दूसरी तस्वीर में मार एलियन के अवशेषों के अपमान को दर्शाया गया है।

सिरिया में परमधर्मपीठ के राजदूत महाधर्माध्यक्ष मारियो ज़ेन्नारी ने एशियान्यूज़ से कहा कि गिरजाघर और मठ अब किस स्थिति में हैं इस पर सही समाचार पाना असम्भव है। उन्होंने बताया कि वे स्थानीय धर्मप्रान्त के सम्पर्क में हैं किन्तु स्वतंत्र रूप से किसी भी बात की पुष्टि नहीं हो पाई है। 

आल-क्वार्यातान नगर के इस गिरजाघर और मठ में सिरिया के आलेप्पो नगर के कई लोगों ने शरण ली थी किन्तु 06 अगस्त को आईएस के आतंकवादियों ने आल-क्वार्यातान नगर पर कब्ज़ा कर लगभग 230 ख्रीस्तीयों तथा कुछेक मुसलमानों को अगवा कर लिया था।

आलेप्पो के धर्माध्यक्ष आनतुआन आऊदो ने शुक्रवार को वाटिकन रेडियो से बातचीत में कहा, "आईएस संगठन का प्रमुख उद्देश्य लोगों में भय उत्पन्न करना है। हम ख्रीस्तीयों के लिये यह  हिंसा और असहिष्णुता का सन्देश है। "

आल-क्वार्यातान नगर से अगवा किये गये लगभग 230 ख्रीस्तीयों के सन्दर्भ में उन्होंने कहा, "आईएस का लक्ष्य बन्धकों की रिहाई के लिये फिरौती राशि लेकर धन एकत्र करना है। दूसरा लक्ष्य आतंक फैलाना और यह सन्देश पहुँचाना है कि आईएस आतंकवादी संगठन शक्तिशाली है, उसे किसी राजनैतिक समाधान की कोई ज़रूरत नहीं है।" 

धर्माध्यक्ष ने यह आशंका भी व्यक्त की कि सम्भवतः बन्धकों को मार डाला गया है क्योंकि, उन्होंने कहा, "आईएस के आतंकवादियों में अन्तःकरण अथवा नैतिकता जैसी कोई चीज़ नहीं है वे कुछ भी करने का दुस्साहस रखते हैं।"   








All the contents on this site are copyrighted ©.