2015-08-04 10:45:00

इस्लामाबादः पाकिस्तान में बाढ़ से सैकड़ों की मौत, 7.5 लाख प्रभावित


इस्लामाबाद, मंगलवार, 4 अगस्त 2015 (एपी): पाकिस्तान में लगातार वर्षा के बाद आई भीषण  बाढ़ में कम से कम 118 लोगों की मौत हो गई है, साढ़े सात लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं तथा जान माल की घोर क्षति हुई है।  

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण पीड़ितों तक पहुंचने हेतु प्रयास कर रहा है किन्तु नदियों में उफान के कारण कई क्षेत्रों में बाढ़ पीड़ितों तक पहुँचने में प्रशासन को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

बाढ़ से लगभग 7,52,274 लोग प्रभावित हुए हैं। सेना और दूसरी एजेंसियों ने लगभग 4,50,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है, लेकिन अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण परेशानियां और बढ़ सकती है। वर्षा और बाढ़ से संबंधित घटनाओं में खैबर पख्तूनख्वाह में 59, पंजाब में 22, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में 20, बलूचिस्तान में 10 और गिलगित-बाल्टिस्तान में पांच लोगों की मौत हुई है।

आपदा राहत एजेंसी ने कहा कि बाढ़ से संबंधित घटनाओं में कम से कम 61 लोग घायल हुए हैं। खैबर पख्तूनख्वाह में 26 और बलूचिस्तान में 24 लोग घायल हैं। कुल 2,747 मकानों को नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तान सरकार ने 481 राहत शिविरों और 150 चिकित्सा शिविरों की व्यवस्था की है तथा बाढ़ पीडितों के लिये 32,000 तंबू लगाये हैं। इसके अतिरिक्त, सरकार ने 2009 टन राशन, 1,500 तिरपाल और 8,467 कंबल भी बाढ़ पीड़ितों को प्रदान किए हैं।

विगत वर्ष वर्षा ऋतु के दौरान पाकिस्तान में लगभग 400 लोगों की मौत हुई थी।








All the contents on this site are copyrighted ©.