2015-04-15 12:17:00

लागोसः नाईजिरियाई लड़कियों के अपहरण के एक साल बाद आशा पड़ी कमज़ोर


लागोस, बुधवार, 15 अप्रैल 2015 (एपी): नाईजिरिया के उत्तरपूर्व स्थित चिबोक से एक वर्ष पूर्व नाइजीरियाई इस्लामी चरमपंथी दल बोको हराम ने 219 स्कूली किशोरियों का अपहरण कर लिया था जिनका आज तक कोई अता पता नहीं चला है।

वाटिकन रेडियो से बातचीत में जोस के महाधर्माध्यक्ष इग्नेशियस कैगामा ने कहा कि हालांकि अपहृत लड़कियों के बारे में उन्हें कुछ नहीं पता है तथापि नाईजिरिया के लोग आशा को बरकरार रखे हुए हैं तथा प्रार्थना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, "हमें यह भी नहीं पता कि वे किस हालात में जीवन यापन कर रहीं हैं। हमें नहीं पता कि वे ज़िन्दा है भी कि नहीं फिर भी नाईजिरिया के परिवार आशा को बरकरार रखे हुए हैं और प्रार्थना करते हैं कि एक दिन उनकी लड़कियाँ अपने घरों को वापस लौटेंगी।"  

सोमवार को नाईजिरिया के राष्ट्रपति मुहम्मदी बुहारी ने कहा था कि सरकार लड़कियों को वापस लाने हेतु हर सम्भव प्रयास करेगी किन्तु उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि लड़कियाँ वापस मिल पायेंगी या नहीं इसपर कुछ नहीं कहा जा सकता। 

इस बीच नाईजिरिया के आबूजा शहर में अगवा की गई 219 लड़कियों का प्रतिनिधित्व करते हुए  219 लड़कियों ने सड़कों पर प्रदर्शन किया। साथ ही देश के अन्य शहरों  तथा लन्दन एवं वाशिंगटन में भी कई विरोध प्रदर्शनों का आयोजन किया गया।

मंगलवार को अन्तरराष्ट्रीय क्षमादान आयोग एमनेस्टी इंटरनेशनल ने बताया था कि विगत वर्ष अगवा की गई किशोरियों एवं महिलाओं को बोको हरम के इस्लामी चरमपंथियों ने रसोइया,  यौन दास और लड़ाकू बना दिया है। 








All the contents on this site are copyrighted ©.