2015-03-17 11:56:00

धर्मबहन के बलात्कार, गिरजाघर में तोड़-फोड़ पर मोदी ने जताई चिन्ता


नई दिल्ली, मंगलवार, 17 मार्च 2015 (ऊका समाचार): प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने, मंगलवार को एक आधिकारिक वकतव्य में, पश्चिम बंगाल के नादिया में एक 72 वर्षीय धर्मबहन के सामूहिक बलात्कार तथा हरियाणा के हिस्सार में एक गिरजाघर पर हुए हमले पर गहन चिन्ता व्यक्त की।

आईएएनएस समाचार के अनुसार, मोदी के आधिकारिक ट्वीटर अकाऊन्ट पर कहा गया, "प्रधान मंत्री मोदी हरियाणा के हिस्सार तथा पश्चिम बंगाल के नादिया ज़िलों में हुई हाल की घटनाओं  के प्रति अत्यधिक चिन्तित हैं।"

आगे कहा गया कि प्रधान मंत्री के कार्यालय ने, "इन घटनाओं से सम्बन्धित तथ्यों पर तथा इनपर की गई कार्रवाई पर तत्काल रिपोर्ट की मांग की है।"

ग़ौरतलब है कि रविवार को हरियाणा के हिस्सार ज़िले स्थित कैमरी गाँव में एक निर्माणाधीन गिरजाघर में उग्रवादियों ने तोड़-फोड़ मचाई तथा गिरजाघर के अन्दर हिन्दु देवता हनुमान की मूर्ति स्थापित कर दी। इसके अतिरिक्त, 13 मार्च को पश्चिम बंगाल के रानाघाट में ज़ीज़स एण्ड मेरी कॉन्वेन्ट पर डकैतों ने हमला किया तथा एक 72 वर्षीय धर्मबहन का सामूहिक बलात्कार किया।       

 








All the contents on this site are copyrighted ©.