2014-12-29 14:42:40

मलेशिया में भारी बाढ़, एक लाख बेघर


कुवालालम्पुर, सोमवार 29 दिसंबर, 2014 (बीबीसी) मलेशिया के पूर्वी तटीय इलाके में बाढ़ की वजह से कम से कम पांच लोग मारे गए हैं जबकि एक लाख से ज़्यादा लोग बेघर हो गए हैं।

इसे मलेशिया में बीते कुछ दशकों में सबसे भीषण बाढ़ बताया जा रहा है।

बाढ़ की वजह से एक लाख से अधिक लोगों को अपना घरबार छोड़कर दूसरी जगहों पर शरण लेनी पड़ी है।

मलेशिया के पूर्वी राज्यों में मॉनसून के दौरान अक्सर बाढ़ आती है लेकिन इस बार तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश ने स्थिति को अधिक गंभीर बना दिया है।

मलेशिया की सरकार का कहना है कि ऐसी बाढ़ बीते कई दशकों में नहीं आई।

कुछ इलाकों में, कई क़स्बे पानी में डूब गए हैं और लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।

राहत और बचावकर्मियों को बाढ़ पीड़ितों तक खाने-पीने का सामान पहुचाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

राजधानी कुआलालम्पुर में मौजूद बीबीसी संवाददाता जेनिफ़र पाक का कहना है कि बाढ़ की विभीषिकी के कारण प्रधानमंत्री नजीब रज़ाक को निर्धारित कार्यक्रम से पहले अमरीका से मलेशिया वापस आना पड़ा है।

उनकी इस बात के लिए आलोचना की जा रही थी कि देश में बाढ़ आई है और वे अमरीका में राष्ट्रपति ओबामा के साथ गोल्फ़ खेल रहे हैं. हालांकि रज़ाक ने अपने अमरीकी दौरे का बचाव किया है।








All the contents on this site are copyrighted ©.