2014-12-10 12:07:13

वाटिकन सिटीः विश्व शांति दिवस हेतु सन्त पापा का सन्देश प्रकाशित


वाटिकन सिटी, बुधवार, 10 दिसम्बर 2014 (सेदोक): वाटिकन ने बुधवार को विश्व शांति दिवस सन् 2015 के लिये सन्त पापा फ्राँसिस के सन्देश की प्रकाशना कर दी।

काथलिक कलीसिया द्वारा घोषित विश्व शांति दिवस प्रतिवर्ष पहली जनवरी को मनाया जाता है जिसके उपलक्ष्य में कलीसिया के परमाध्यक्ष अपना विशिष्ट सन्देश प्रकाशित करते हैं।

सन्त पापा ने अपना शांति सन्देश इन शब्दों से आरम्भ कियाः "नए साल की शुरुआत में, जो सम्पूर्ण मानवजाति के लिये ईश्वर का कृपामय वरदान है मैं प्रत्येक स्त्री एवं पुरुष, विश्व एवं राष्टों के सब लोगों, धार्मिक नेताओं एवं विश्व की सरकारों के अधिपतियों के प्रति शांति की शुभकामनाएँ अर्पित करता हूँ। ऐसा करते हुए मैं युद्धों एवं संघर्षों के अन्त के लिये, वर्तमान एवं अतीत की महामारियों तथा प्राकृतिक आपदाओं से मची तबाही से पीड़ित लोगों के लिये प्रभु ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ।"

इस वर्ष विश्व शांति दिवस के लिये जारी सन्देश का शीर्षक "दास नहीं बल्कि भाई एवं बहन" फिलोमेन को लिखे सन्त पौल के पत्र से लिया गया जिसमें प्रेरितवर पौल अपने सहयोगियों से आग्रह करते हैं कि वे ओनेसिमुस का स्वागत करें जो पहले दास थे किन्तु जिन्होंने अब ख्रीस्तीय धर्म का आलिंगन कर लिया था।

सन्देश में सन्त पापा फ्राँसिस ने कहा, "उत्पत्ति ग्रन्थ हमें बताया है कि ईश्वर ने मनुष्य की सृष्टि की, उन्होंने नर नारी को बनाया तथा उन्हें आशीर्वाद दिया इसी कारण सभी मनुष्य आपस में भाई बहन हैं और यह भ्रातृत्व विविधता में प्रकट होता है। उन्होंने कहा कि ईश सन्तान होने के कारण सभी भाई बहन हैं हालांकि भ्रातृत्व विविधता का भी आलिंगन करता है इसलिये सभी लोग विभिन्न एवं विविध संस्कृति के बावजूद एक दूसरे के सम्बन्धी हैं, उनकी प्रकृति और उनकी प्रतिष्ठा समान है। उन्होंने कहा, "इस प्रकार, भ्रातृत्व ईश्वर द्वारा सृजित मानव परिवार के निर्माण हेतु अनिवार्य सम्बन्धों की रचना करता है।"









All the contents on this site are copyrighted ©.