2014-10-24 16:06:44

श्रीलंका के प्रेरित धन्य जोसेफ वाज़ की संत घोषणा 14 जनवरी को


भारत, शुक्रवार, 24 अक्तूबर 2014 (ऊकान)꞉ संत पापा फ्राँसिस ने निश्चित कर दिया है कि श्रीलंका के प्रेरित धन्य जोसेफ वाज़ की संत घोषणा श्रीलंका में उनकी प्रेरितिक यात्रा के दौरान 14 जनवरी को होगी।

संत पापा ने 20 अक्टूबर को विश्व धर्माध्यक्षीय धर्मसभा की असाधारण बैठक की शुरूआत में इस तिथि की घोषणा की।

धन्य जोसेफ वाज़ एक भारतीय पुरोहित थे जो फिलीप नेरी को समर्पित धर्मसमाज के सदस्य थे। वे श्रीलंका में काथलिक कलीसिया के सह-संस्थापक माने जाते हैं।

बताया जाता है कि जब होलैंड के सम्राट के कलविनिस्ट काथलिक विरोधी अत्याचार कर रहे थे तब उन्होंने ग़ैरकानूनी रूप में सिलोन में प्रवेश किया था। उन्होंने वहाँ देखा कि गिरजा घर ध्वस्त किये जा रहे थे तथा विश्वासियों को उत्पीड़ित किया जा रहा था तब उन्होंने सुसमाचार प्रचार मिशन की शुरूआत की। उसी मिशन के तहत वाज़ की मृत्यु के पूर्व ख्रीस्तीय विश्वासियों की संख्या करीब 70,000 हो गयी थी तथा 15 गिरजा घरों एवं 400 प्रार्थनालयों का निर्माण किया जा चुका था।

संत पापा जॉन पौल द्वितीय ने श्रीलंका में अपनी प्रेरितिक यात्रा के दौरान सन् 1995 ई. में जोसेफ वाज़ को धन्य घोषित किया था। संत पापा फ्राँसिस 13 से 15 जनवरी तक श्रीलंका की प्रेरितिक यात्रा करेंगे।








All the contents on this site are copyrighted ©.