2014-10-06 16:10:52

विश्वासियों की देखभाल


वाटिकन सिटी, सोमवार 6 अक्तूबर 2014 (वीआर सेदोक)꞉ वाटिकन स्थित संत पेत्रुस महागिरजाघर के प्राँगण में रविवार 5 अक्तूबर को, संत पापा फ्राँसिस ने भक्त समुदाय के साथ देवदूत प्रार्थना का पाठ किया। देवदूत प्रार्थना के पूर्व उन्होंने विश्वासियों को सम्बोधित कर कहा,

″अति प्रिये भाइयो एवं बहनो, सुप्रभात,

आज प्रातः संत पेत्रुस महागिरजाघर में पावन ख्रीस्तयाग अर्पित कर हमने विश्व धर्माध्यक्षों की असाधारण महासभा का उद्घाटन किया है। सिनड में विश्वभर के प्रतिभागी दो सप्ताह मेरे साथ रहकर "सुसमाचार उदघोषणा के सन्दर्भ में परिवार की प्रेरितिक चुनौतियाँ" विषय पर विचार-विमर्श तथा प्रार्थना द्वारा समृद्ध होंगे।

आज का सुसमाचार पाठ हमारे सम्मुख दाखलता की छवि प्रस्तुत करता और इसकी तुलना चुने हुए लोगों के करता है।
संत पापा ने कहा कि एक दाखलता की भांति, विश्वासियों की देखभाल के लिए धीरज, प्यार तथा विश्वास की आवश्यकता है। जैसे ईश्वर हमारी देखभाल करते हैं उसी तरह, हम चरवाहों को भी करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि परिवार की देखभाल करना प्रभु की दाखबारी में काम करने का एक सशक्त माध्यम है। परिवार को ईशवचन से पोषित किये जाने की आवश्यकता है जिससे यह ईश राज्य का उचित फल उत्पन्न करे तथा दृढ़ता एवं आशा के साथ आगे बढ़ सके।
संत पापा ने पौलाईन धर्मसमाज की ओर से बाईबल की प्रति भेंट किये जाने की सराहना करते हुए कहा, ″यह खुशी की बात है कि इस अवसर पर हमारे पौलाईन धर्मबंधुगण संत पेत्रुस महागिरजाघर के प्राँगण में तथा कई अन्य जगहों पर बाईबिल का वितरण करना चाहते हैं। वे संप्रेषण के महान प्रेरित धन्य जेम्स अल्बेरियोने द्वारा स्थापित अपने धर्मसमाज की सत् वर्षीय जयन्ती के अवसर पर भेंट करना चाहते हैं। अतः आज जब परिवार पर सिनड की शुरूआत हो रही है, तो पौलाईन धर्मबंधुओं के साथ हम कह सकते हैं ″एक बाईबिल हरेक परिवार में। यह मेज पर रखने के रखने के लिए नहीं किन्तु हथेली पर रखकर उसे बारम्बार पढ़ने के लिए। व्यक्तिगत अथवा सामूहिक, प्रतिदिन विशेषकर, रविवार के दिन पढ़ने के लिए। जिससे कि परिवार ईश्वर के प्रकाश तथा उनके वचन एवं शक्ति से विकसित हो और आगे बढ़े।″

संत पापा ने सभी विश्वासियों को प्रार्थना हेतु निमंत्रण देते हुए कहा, मैं आप प्रत्येक को प्रोत्साहन देता हूँ कि सिनड को प्रार्थना द्वारा सहयोग दें। धन्य कुँवारी मरिया की मध्यस्थता द्वारा प्रार्थना करें कि रोजरी की महारानी सभी परिवारों एवं समस्त विश्व में शांति हेतु प्रार्थना करे।

इतना कह कर संत पापा ने भक्त समुदाय के साथ देवदूत प्रार्थना का पाठ किया तथा सभी को अपना प्रेरितिक आशीर्वाद दिया।
देवदूत प्रार्थना के उपरांत उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि ‘सिस्टर्स ऑफ द चारिटी ऑफ सेंट एलिज़ाबेथ’ धर्मसमाज की धर्मबहन मरिया तेरेसा डेमजानोविक की, अमरीका में धन्य घोषित की गयी। ख्रीस्त के इस विश्वस्त शिष्य के लिए हम ईश्वर को धन्यवाद दें। जिन्होंने गहन आध्यात्मिकता का जीवन व्यतीत किया है।

अंत में संत पापा ने प्रार्थना का आग्रह करते हुए सभी को शुभ रविवार की मंगलकामनाएँ अर्पित की।








All the contents on this site are copyrighted ©.