2014-09-09 11:56:41

नई दिल्लीः न्यायालय ने बलात्कार आरोपी पादरी के प्रत्यर्पण का दिया सुझाव


नई दिल्ली, मंगलवार, 09 सितम्बर सन् 2014 (ऊका समाचार): दिल्ली की एक अदालत ने सुझाव दिया है कि बलात्कार आरोपी काथलिक पुरोहित फादर जोसफ जयपौल को पुनः अमरीका प्रत्यर्पित कर दिया जाये ताकि उनपर वहाँ मुकद्दमा चलाया जा सके।

फादर जयपौल पर आरोप है कि उन्होंने सन् 2004-2005 के दौरान अमरीका के मिनेसोटा में प्रेरिताई करते समय दो किशोरियों के विरुद्ध यौन दुराचार किया था।

अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अजय गर्ग ने कहा कि पुरोहित के प्रत्यर्पण के लिये प्रथम दृष्टया मामला तैयार कर लिया गया है।

पुरोहित पर आरोप है उन्होंने एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ बार-बार दुष्कर्म किया था जिसका इस समय तनाव एवं विकार के लिये मनश्चिकित्सकों द्वारा इलाज किया जा रहा।

डेक्कन क्रॉनिकल्स में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार 16 वर्षीय एक अन्य लड़की भी पुरोहित की हवस का शिकार बनी है।

अमरीकी अदालत ने उस समय पुरोहित के विरुद्ध अभियोजन प्रक्रिया शुरू की थी जब मेगन पीटरसेन नामक किशोरी ने जयपौल पर बारम्बार बलात्कार का आरोप लगाया था। मेगन इस समय 20 वर्ष की हो चुकी हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.