2014-09-02 11:59:16

राँचीः नये सहयोगी धर्माध्यक्ष के अनुष्ठान समारोह में लगभग 20,000 हुए एकत्र


राँची, मंगलवार, 02 सितम्बर सन् 2014 (सेदोक): राँची में शनिवार को नये सहयोगी धर्माध्यक्ष थेओडोर मैसकारेनस के धर्माध्यक्षीय अभिषेक समारोह में लगभग 20,000 आदिवासी एकत्र हुए।

भारत में परमधर्मपीठ के राजदूत महाधर्माध्यक्ष साल्वातोर पेनाक्ख्यो ने ख्रीस्तयाग अर्पित कर अभिषेक की धर्मविधि पूरी की। इस समारोह में राँची महाधर्मप्रान्त के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल टेलेस्फोर टोप्पो तथा पड़ोसी धर्मप्रान्तों के कई धर्माध्यक्षों ने भाग लिया।

50 लोगों की गायन मण्डली ने भक्ति गीतों से सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय बनाये रखा।

ख्रीस्तयाग समारोह के उपरान्त स्थानीय आदिवासी परम्परानुसार महिलाओं ने लोकनृत्यों का प्रदर्शन किया तथा धर्माध्यक्ष मैसकारेनस का अपने बीच भावपूर्ण स्वागत किया।

नवनियुक्त धर्माध्यक्ष मैसकारेनस ने विश्वासियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा, "आप लोगों की भक्ति से मैं गद-गद हूँ, जिस प्रेम भाव से आप लोग प्रभु ईश्वर की सेवा करते हैं, पुरोहितों एवं धर्मसमाजियों के प्रति आपमें जो सम्मान भाव है वह वास्तव में प्रशंसनीय है। मैं गोवा का मूल निवासी हूँ किन्तु अब मैं अपने आप को झारखंडी कह सकता हूँ।"

उन्होंने कहा, "भारत का आदिवासी क्षेत्र हमारी कलीसिया का बहुत ही महत्वपूर्ण अंग है। येसु ख्रीस्त के प्रति आदिवासियों के प्रेम को देखकर सन्त पापा फ्राँसिस सचमुच भावविभोर हो उठेंगे, आपकी उदारता और आदर सत्कार सराहनीय है।"

राँची के सहयोगी धर्माध्यक्ष नियुक्त किये जाने से पूर्व कई वर्षों तक धर्माध्यक्ष थेओडोर मैसकारेनस वाटिकन में संस्कृति सम्बन्धी परमधर्मपीठीय समिति के अधिकारी रूप में कार्य करते रहे थे।







All the contents on this site are copyrighted ©.