2014-07-09 12:38:18

रोमः अफ़गानिस्तान में अपहृत पुरोहित की रिहाई हेतु जागी आशा


रोम, 09 जुलाई सन् 2014 (ऊका समाचार): रोम स्थित येसु धर्मसमाजी शरणार्थी सेवा केन्द्र जे.आर.एस. ने कहा है कि उसकी आशा है कि जून माह में अफ़गानिस्तान में अपहृत काथलिक पुरोहित ज़िन्दा हैं तथा इस माह के अन्त तक उन्हें रिहा किया जा सकेगा।

02 जून को पश्चिमी अफ़गानिस्तान के सोहादत में, हथियारों से लैस व्यक्तियों ने, अफ़गानिस्तान में जे.आर.एस. के निर्देशक येसु धर्मसमाजी पुरोहित एलेक्सिस प्रेमकुमार का अपहरण कर लिया था।

जे.आर.एस के अन्तरराष्ट्रीय सम्प्रेषण समन्वयकर्त्ता जेम्स स्टेपलटन ने ऊका समाचार से बुधवार को कहा कि वे पुरोहित की सुरक्षा के लिये अपहरणकर्ताओं से चल रही बातचीत का विवरण प्रकाशित नहीं कर सकते।

उन्होंने कहा, "बातचीत चल रही है किन्तु यह एक संवेदनशील मामला है।" उन्होंने कहा कि अपहरणकर्ताओं या अपहरण के मकसद पर वे किसी प्रकार की अटकल नहीं लगाना चाहते।

स्टेपलटन ने कहा कि पुरोहित की सुरक्षा का हर सम्भव प्रयास किया जा रहा है तथा धर्मसमाज की आशा है कि रमादान के अन्त तक, "ईद अल-फित्र" पर्व के उपहार रूप में, पुरोहित प्रेम कुमार को रिहा कर दिया जायेगा।








All the contents on this site are copyrighted ©.