2014-07-03 15:47:10

माननीय जुलियन किम कुआला लुम्पुर के महाधर्माध्यक्ष नियुक्त


वाटिकन सिटी, बृहस्पतिवार, 3 जुलाई 2014 (वीआर सेदोक)꞉ संत पापा फ्राँसिस ने 3 जुलाई को मलेशिया स्थित पेनंग मेजर सेमनरी के प्राचार्य माननीय जुलियन लेओ बेंग किम को कुआला लुम्पुर का महाधर्माध्यक्ष नियुक्त कर दिया।
माननीय जुलियन लेओ बेंग किम का जन्म 3 जनवरी सन् 1964 ई. को मलेशिया के सेरेम्बान में हुआ था। प्राथमिक एवं उच्च विद्यालय की शिक्षा के पश्चात् उन्होंने आगे की पढ़ाई न्यू साऊथ वेल्स विश्वविद्यालय सिडनी से की। दर्शनशास्त्र एवं ईशशास्त्र की पढ़ाई उन्होंने पेनंग मेजर समिनरी से की। उनका पुरोहिताभिषेक 20 अप्रैल सन् 2002 ई. में हुआ। पुरोहिताभिषेक के पश्चात् वे विभिन्न प्रेरितिक क्षेत्रों में कार्यरत रहे। उन्होंने ‘कलीसिया का इतिहास’ विषय पर उच्चतर पढाई ग्रेगोरियन विश्वविद्यालय रोम से पूरी की है।
इस समय वे मेजर समिनरी पेनंग में प्राचार्य के रूप में सेवारत हैं।
कुआला लुम्पुर महाधर्मप्रांत की रचना सन् 1972 ई. में हुई थी। उसका क्षेत्र फल 63,760 वर्ग किलोमीटर है। वहाँ की कुल आबादी 11 लाख है जिनमें काथलिकों की संख्या 1 लाख 80 हज़ार है। महाधर्मप्रांत में 34 पल्लियाँ हैं जिसमें 55 पुरोहित, 32 धर्मबंधु तथा 122 धर्मबहनें कार्यरत हैं। महाधर्माध्यक्ष मर्फी निकोलास जेवियर पाकियाम की सेवा निवृत होने के पश्चात् 13 दिसम्बर 2013 ई. से ही कुआला लुम्पुर महाधर्मप्रांत रिक्त था।








All the contents on this site are copyrighted ©.