2014-06-27 15:28:59

गैस पाइपलाइन के विस्फोट से 14 लोग जिंदा जले


हैदराबाद, शुक्रवार, 27 जून 2014 (बीबीसी)꞉ आंध्र प्रदेश के एक गांव में शुक्रवार सुबह एक गैस पाइपलाइन में विस्फोट होने से आग लग गई। आग लगने की घटना में 14 लोग जिंदा जल गए और कई अन्य घायल हुए। घटना के बाद से गांववासियों में बेहद आक्रोश है।
राज्य के ईस्ट गोदावरी जिले के नगरम गांव में गेल गैस पाइपलाइन में विस्फोट हुआ, जिससे गांव में आग लग गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने घटना के विरोध में गैस कलेक्शन स्टेशन (जीसीएस) पर प्रदर्शन किया और वहां खड़े वाहनों में आग लगा दी।
अधिकारियों के मुताबिक मरने वालों में तीन महिलाएं और तीन बच्चों भी शामिल हैं। सभी मृतक गांववासी थे। गैस पाइपलाइन गेल इंडिया द्वारा संचालित है, जिससे लैंको पॉवर स्टेशन को गैस आपूर्ति की जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव से गैस पाइपलाइन गुजरने से उनकी जिंदगी खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई दफा शिकायत करने के बाद भी अधिकारियों ने उनकी सुरक्षा के लिए कोई कदम नहीं उठाया।
राज्य के वित्त मंत्री वाई. रामाकृष्णुदु ने कहा कि ग्रामीणों ने पहले भी गैस लीक होने और गैस पाइपलाइन में जंग लगने की शिकायत की थी, लेकिन अधिकारियों ने इस बाबत कोई कार्रवाई नहीं की।
मंत्री ने कहा, ''हमने जिलाधिकारी से इस बारे में रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।'' उन्होंने कहा कि आग लगने से 10 एकड़ के क्षेत्र में लगी फसलों और नारियल के पेड़ भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
गेल गैस पाइपलाईन के चेयर मैन बी सी त्रिपाठी ने पत्रकारों से कहा, ″दुर्घटना के कारणों का पता अभी तक नहीं लग पाया है, इस समय हम सुरक्षा एवं राहत कार्यों में लगे हैं।″








All the contents on this site are copyrighted ©.